
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। राजगढ़ जिले के पचोर शहर में स्थित चुन्नालाल मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात को अचानक से आग लग गई। जिसमें मौके पर पेट्रोल-डीजल डलवा रहे 13 लोग झुलस गए। जिनमें से पांच को गंभीर अवस्था में राजगढ़ व शाजापुर रेफर किया है। हादसे में 15 बाइकें जली हैं व पेट्रोल-डीजल खाली कर रहा टैंकर जला है। हादसे के दौरान शहर में अफरा-तफरी मच गई। करीब 45 मिनट में आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को 20 केएल यानी की 20 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल लेकर एक टैंकर आया हुआ था। टैंकर रात के समय खाली हो रहा था। उसी दौरान कई लोग पंप पर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे थे। तभी अचानक से वहां पर आग लग गई।


यह भी पढ़ें- अब मोबाइल बताएगा दूध कितना शुद्ध, NDDB टेस्टिंग ऐप से होगी जांच, रियल टाइम डेटा से रुकेगी गड़बड़ी
आग लगने के साथ ही देखते ही देखते पंप, बाइकों व टैंकर ने आग पकड़ ली। जिसके कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बलराम गुर्जर को गंभीर अवस्था में राजगढ़ रेफर किया है, जबकि अन्य को शाजापुर भेजा है। देर रात तक घायलों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी था।