राजगढ़: सरकारी अस्पताल में महिला से रेप और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप; FIR दर्ज
राजगढ़ जिले के सारंगपुर सिविल अस्पताल की पहली मंजिल पर विवाहिता के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 12:51:07 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 12:51:07 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- सिविल अस्पताल में दुष्कर्म का आरोप
- वीडियो वायरल करने की धमकी
- पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़/सारंगपुर। सिविल अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।विवाहिता ने बुधवार को सारंगपुर थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरियादिया ने आरोप लगाया कि आरोपित ने अलग-अलग समय पर उसके साथ जबरदस्ती की, विरोध करने पर डराया-धमकाया और मारपीट भी की।
शिकायत में सिविल अस्पताल की पहली मंजिल के साथ कसाईबाड़ा क्षेत्र में भी घटनाक्रम होने का उल्लेख किया गया है। अस्पताल जैसे सार्वजनिक परिसर का नाम सामने आने से इसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
विवाहिता की शिकायत पर सारंगपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपित फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप
पुलिस से की शिकायत में विवाहिता ने अल्फेज पिता गब्बर कुरैशी निवासी सीधा ख्याल, सारंगपुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फरियादिया के मुताबिक आरोपित ने कथित घटनाओं के दौरान उसका वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर उसे वायरल करने की धमकी दी। इसी डर के चलते वह पहले सामने नहीं आ सकी।शिकायत में आरोपित द्वारा मारपीट और धमकाने की बात भी कही गई है।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी जांच के दायरे में
फरियादिया ने सिविल अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर भी वारदात होने का आरोप लगाया है।अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही रहती है।ऐसे में परिसर के भीतर कथित घटना का सामने आना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करता है।
घटना के समय अस्पताल में कौन-कौन मौजूद था, ऊपरी मंजिल पर आवाजाही और सुरक्षा की क्या व्यवस्था थी तथा सीसीटीवी कैमरों में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है या नहीं, इन पहलुओं की जांच जरूरी है।पूरे घटनाक्रम ने सिविल अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।