राजगढ़: सारंगपुर में सड़क बनी तालाब, पार्क भी डूबा; अस्पताल रोड के जलभराव से राहत नहीं
सड़क पर पानी निकासी के लिए अब तक कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं बन पाई। सड़क का पानी सीधे नेहरू पार्क में पहुंच रहा है, जिससे पार्क भी जलभराव की चपेट में आ गया।
Publish Date: Sun, 06 Sep 2026 04:33:43 PM (IST)Updated Date: Sun, 06 Sep 2026 04:33:43 PM (IST)
सड़क का पानी नेहरू पार्क में पहुंचने से ओपन जिम और मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोगों को लौटना पड़ रहा है। नईदुनिया।HighLights
- जलभराव के कारण राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी
- बारिश में अस्पताल रोड बनी तालाब, पार्क में जमा हुआ पानी
- मोटर से पानी निकालने के बाद बारिश में पार्क फिर जलमग्न हो गया
नईदुनिया प्रतिनिधि राजगढ़/ सारंगपुर। लगातार हो रही बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के चलते नगर की कई सडकें पानी में डूब गईं। अस्पताल रोड की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां सडक पर पानी भरने से पैदल राहगीरों को उसमें से होकर निकलना पड़ा।
अस्पताल रोड पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क तो पक्की हो गई, लेकिन पानी निकासी के लिए अब तक कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं बन पाई। सड़क का पानी सीधे नेहरू पार्क में पहुंच रहा है, जिससे पार्क भी जलभराव की चपेट में आ गया।
मोटर से पानी निकला, बारिश ने फिर भर दिया
नेहरू पार्क में सरकारी ओपन जिम और मॉर्निंग वॉक के लिए रोज बडी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन पानी भरने के कारण लोगों को वापस लौटना पड रहा है। कुछ दिन पहले पार्क में पानी भरने की खबरें प्रकाशित होने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मोटर लगवाकर पानी खाली कराया था।
पानी निकलने के बाद पार्क फिर उपयोग के लायक हुआ ही था कि तेज बारिश ने दोबारा उसे लबालब कर दिया।
अस्पताल रोड़ पर जलभराव
अस्पताल रोड के किनारे दुकानदारों का कहना है कि हर बारिश में सड़क पर पानी जमा होने से दुकानदारी प्रभावित होती है और राहगीरों को भी परेशानी होती है।
उनका कहना है कि सडक किनारे नाली बनाकर पानी की निकासी का स्थायी इंतजाम किया जाए, ताकि सड़क और नेहरू पार्क दोनों को जलभराव से राहत मिल सके। अब सवाल यही है कि हर बारिश में सामने आने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान नपा कब करेगी।
नेहरू पार्क से हमारे द्वारा पिछले दिनों मोटर चलाकर पानी निकलवाया था। जल निवासी की स्थाई व्यवस्था के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।- दीपक रानवे, सीएमओ, सारंगपुर।