
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव गुराड़खेड़ा में आपसी विवाद में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करते हुए मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से ही आरोपित फरार है। आरोपित को तलाशने व घटना के कारणों की पड़ताल करने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुराड़खेड़ा गांव में रामबाबू गुर्जर 38 वर्ष व उनकी पत्नी गायत्री गुर्जर 36 वर्ष निवास करते हैं। दोनों के बीच संभवत: किसी बात को लेकर अनबन हुई होगी। तभी पति रामबाबू ने सुबह करीब 11 बजे के आसपास पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
उसने पत्नी के सिर, पीठ व कमर पर वार किए। जिसके कारण पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित पति फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 14 वर्ष का है व छोटा 11 वर्ष का। बड़ा बेटा नाना-नानी के यहां था, जबकि छोटा बेटा भी घटना के दौरान घर पर नहीं था। उनके साथ रामबाबू की मां भी रहती है, लेकिन वह भी बाहर थी। घटना के दौरान पति-पत्नी ही घर पर मौजूद थे। इसी वजह से घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। पड़ोसियों ने चीख सुनकर जब घर में देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी।
पुलिस के मुताबिक पति ने किस बात को लेकर पत्नी को मौत के घाट उतारा है यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पति के पकड़े जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के दौरान वह दोनों ही घर पर थे, इसलिए स्पष्ट जानकारी नहीं लग रही है। आरोपित को तलाशने व घटना के कारणों की पड़ताल के लिए टीम जुटी हुई है।
गुराड़खेड़ा में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतारा है।उसकी हत्या क्यों की है इसके बारे में स्पष्ट नहीं हो पाया।हम जांच कर रहे हैं।
-मंजू मखोनिया, TI कोतवाली