नईदुनिया प्रतिनिधि, लीमा चौहान। लीमाचौहान थाना क्षेत्र में किराए से दुल्हन लाकर सामाजिक सम्मेलन में शादी करवाने वाले दलाल पति-पत्नी को पुलिस ने शिकायत के 85 दिन बाद पकड़ने में सफलता हासिल की है। मामले में पत्नी की शादी कराने वाले पति सहित तीन बिचौलियों को 21 अप्रैल को जेल भेज दिया था। अब पुलिस ने मुख्य दलाल जोरावर सिंह और पत्नी संगीता बाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बुढ़नपुर निवासी कमल सिंह पिता चैनसिंह सौंधिया की शादी नहीं हो रही थी। उन्होंने दूर के रिश्तेदार कालू सिंह सौंधिया निवासी रूपाहेड़ा और बालू सिंह सौंधिया निवासी झांझाहेड़ी आए और बातचीत की।
उन्होंने सुसनेर निवासी जोरावर सिंह की लड़की राधा उर्फ राधिका सौंधिया से तय कराई। बदले में 11 लाख रुपये देना थे, जिसमें से पांच लाख 75 हजार रुपये लड़की के पिता को देना थे। 14 अप्रैल को खिलचीपुर के लिंबोदा गांव में होने वाले सम्मेलन में शादी होना तय किया गया। जोरावर और पत्नी संगीता ने सगाई में जिस लड़की राधा को दिखाया था, उसकी जगह सम्मेलन में किराए की दुल्हन लाकर कन्यादान कर दिया। शादी के बाद दूल्हे ने सुहागरात में घूंघट उठाकर देखा तो दंग रह गया। सगाई में उसे जिस लड़की को दिखाया था, यह उससे अलग थी। उसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अगले दिन घर जाने के बाद सुहागरात में जाने के लिए कमरे में जाने लगा तो महिला किसी से फोन पर बात कर रही थी। मैंने सुना कि घर के सदस्यों और कमल को नींद की गोलियां खिला दूंगी, सभी लोग सो जाएंगे तो मैं जेवर और पैसे लेकर आ जाऊंगी। शक होने के बाद मैंने घूंघट उठाकर देखा तो दूसरी लड़की निकली, उसके बाद पूछताछ में बताया कि उसका नाम राधा नहीं, सलोनी है।
लीमाचौहान थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि लड़की से पूछताछ में पता चला वो पहले से ही शादीशुदा है। इसमें मुख्य षड्यंत्रकारी मीडियेटर कालू सिंह और बालू सिंह हैं। इन्होंने सुसनेर निवासी जोरावर सिंह और पत्नी से मिलकर पहले उनकी बेटी को दिखाकर संबंध कराया। फिर भोपाल निवासी शरीक खान नामक व्यक्ति से लड़की का इंतजाम करने को कहा। शरीक ने खंडवा जिले के किल्लोद बिल्लोद तहसील हरसूद जिला खंडवा के रहने वाले पति-पत्नी से बात की। जो वर्तमान में इटारसी में रहते थे। पति जितेंद्र गोंड की मिलीभगत से उसकी पत्नी सलोनी गोंड को दुल्हन बनाकर दूसरी शादी करवा दी।
पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद महिला सलोनी गोंड, पति जितेंद्र गोंड, बिचौलिया कालू सिंह, बालू सिंह और भोपाल निवासी शरीक खान को 21 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन खुद की बेटी दिखाकर सामाजिक सम्मेलन में 11 लाख रुपए लेकर किराए की दुल्हन से शादी कराने वाले आरोपी जोरावर और उसकी पत्नी लगातार फरार चल रहे थे। जिन्हें पुलिस ने दबिश देकर सोमवार को सुसनेर से हिरासत में ले लिया है।