
राजगढ़। मां की आराधना के पर्व नवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। नवरात्रि के दौरान राजगढ़ में 23 सितंबर को मां जालपा को 1 हजार 111 मीटर लम्बी चुनरी अर्पित की जाएगी। सात किमी की इस चुनरी यात्रा में हजारों श्रद्घालु शामिल होंगे। इसके अलावा कन्या पाद-पूजन भी किया जाएगा।
आयोजन समिति अध्यक्ष ओपी शर्मा के अनुसार ये आयोजन सप्तम माता कालरात्रि को सादर अर्पण करने के लिए होगा। इसके पूर्व के सालों में आयोजन के तहत प्रथम वर्ष शैलपुत्री, द्वितीय वर्ष ब्रह्मचारिणी, तृतीय वर्ष चन्द्रघंटा, चतुर्थ वर्ष कुष्माण्डा, पंचम वर्ष स्कंदमाता, षष्टम वर्ष कात्यायनी को चुनरी अर्पित की गई थी।
इस सप्तम वर्ष में मां कालरात्री को चुनरी अर्पण की जाएगी। यात्रा मार्ग राजमहल से सुबह 11 बजे प्रारंभ हो कर मां जालपाधाम रहेगा। इस दौरान मान कल्याण एवं विश्व शांति की प्रार्थनाएं की जाएंगी।