
धार, नईदुनया प्रतिनिधि। राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिरोदा में आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय प्रवेश पुत्र कन्नू की मौत हो गई। प्रवेश को स्वजन सिविल हास्पिटल सरदारपुर लेकर आए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित किया। स्वजन ने बताया कि प्रवेश अपने रिश्तेदार के साथ विवाह की पत्रिका बांटने जा रहा था। इस दौरान लघु शंका के लिए गांव के बाहर रोड पर खड़ा था।

इसी दौरान तेज हवा-आंधी चलने लगी व आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में प्रवेश आ गया। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बालक की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। डॉ. नितिन जोशी ने बताया कि स्वजन उसे मृत अवस्था में लेकर आए थे।
ग्राम पलवाड़ा निवासी 22 वर्षीय युवक की आकाशीय बिजली गिरने से शनिवार शाम अकाल मौत हो गई। युवक का नाम आयुष पुत्र दिनेश राठौड़ निवासी पलवाड़ा बताया गया है। शाम को घर आते समय अचानक तेज हवा चलने एवं बारिश होने से वह पलवाड़ा एवं मनासा के बीच मार्ग पर पेड़ के नीचे रुक गया था। तभी अचानक बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आ गया।
काफी देर बाद पता चलने पर उसे 108 एंबुलेंस से बदनावर अस्पताल लाए। जहां डॉ ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। जब युवक को अस्पताल लाए तब वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं होने से साथ आए लोग काफी आक्रोशित हुए। बाद में अस्पताल की सूचना पर पुलिस में मर्ग कायम कर शव को मर्चुरी रूम में रखवाया। जहां रविवार सुबह पीएम किया जाएगा।