
कुरावर (राजगढ़)। खुदाई के दौरान कुरावर नगर परिषद के वार्ड नंबर 11 में चांदी के सिक्के निकलने का मामला सामने आया। इसमें बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के बोर उत्खनन के समय निकले परंतु प्रशासन को केवल कुछ ही सिक्के हाथ लगे।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद कार्यालय कुरावर ने आने वाले दिनों में पानी की समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक वार्ड में बोर उत्खनन का काम करा रही है। इसके चलते मंगलवार को नगर के वार्ड नंबर 11 में पड़ी शासकीय भूमि के ऊपर बोर उत्खनन का कार्य किया जा रहा था तभी दोपहर करीब ढाई बजे बोरवेल में से निकल रहे मलबे के साथ चांदी के सिक्के निकलने लगे। इसे देख उत्खनन देख रहे लोग हैरान रह गए तथा जिसके हाथ में जो सिक्के आए लेकर भाग खड़े हो गए।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और चांदी के सिक्के ढूंढने लगे इस आपाधापी में बोरवेल उत्खनन का कार्य रोकना पड़ा तथा पुलिस प्रशासन को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अरविंद दिवाकर ने बताया कि उत्खनन में कुछ सिक्के मिले हैं जो अंग्रेजों के शासन काल 1914 से 1918 तक के हैं जो जॉर्ज पंचम के शासनकाल के हो सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि इसकी सूचना नरसिंहगढ़ एसडीएम तथा पुरातत्व विभाग को दे दी गई है खुदाई कार्य रोक दिया गया है और उक्त स्थान को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर पुलिस की गश्त लगा दिया है।