
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। राजगढ़ जिले में नरवाई में लगाई आग की लपटों ने ट्रेन को रोक दिया। इस आग के चलते ग्वालियर-इंदौर ट्रैक पर जा रही बीना-नागदा पैसेंजर ट्रेन को करीब पांच किलोमीटर तक वापस ब्यावरा स्टेशन पर लाया गया। गुना से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस को भी देर तक ब्यावरा में रोकना पड़ा। आसपास से दमकल बुलाकर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के मुताबिक ब्यावरा से सटे पड़ोनिया गांव व फुंदा बाजार के पास खेतों में लगी आग तेज हवा के कारण फैलते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई। इस घटना से मक्सी-रुठियाई रेलखंड पर दोपहर 12.45 बजे से शाम लगभग चार बजे तक रेल संचालन प्रभावित रहा। दो घंटे तक ट्रेन में बैठे यात्री भीषण गर्मी में परेशान होते रहे।
यह भी पढ़ें- MP के साढ़े तीन लाख छात्रों के लिए बड़ी राहत, 5वीं-8वीं की पुन: परीक्षा 1 जून से, टाइम टेबल हुआ जारी
हालात न सुधरने पर पैसेंजर ट्रेन को वापस ब्यावरा स्टेशन लौटाया गया। गुना से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस डाउन को ब्यावरा स्टेशन पर रोका गया। आग बुझाने के लिए ब्यावरा, पचोर, नरसिंहगढ़ और खिलचीपुर से फायर ब्रिगेड बुलाई गई। आग में दर्जनों किसानों के खेतों में रखा भूसा, पाइप लाइन और अन्य कृषि सामग्री जलकर खाक हो गई।