MP के राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार के घर चोरी; ₹80 हजार समेट भागे चोर, सूचना दबाने में जुटी रही राजगढ़ पुलिस
राजेंद्र पंवार की शिकायत पर सुठालिया थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिवार ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी थी।
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 09:07:29 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 09:07:29 PM (IST)
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार। फोटो- सोशल मीडियाHighLights
- सेमलापार स्थित राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार के पैतृक मकान में चोरी
- पिछला गेट तोड़कर बदमाश करीब 80 हजार रुपये नकद ले गए
- शिकायत पर सुठालिया थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़/सुठालिया । बदमाशों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा। यही कारण है कि अब बदमाशों ने मप्र शासन के मंत्री नारायण सिंह पंवार के पैतृक ग्राम सेमलापार स्थित सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने मकान में धावा बोलते हुए करीब 80 हजार रुपये नकद पार किए हैं। उधर घटना के बाद पुलिस मामले को छिपाती रही।
जानकारी के मुताबिक राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार के पैतृक ग्राम सेमलापार से उनकी पत्नी ब्यावरा आई हुई थी। ऐसे में घर पर कोई नहीं था। जहां निवास करते हैं उसके सामने ही एक और मकान है। जिसमें ताला लगा था।
घर के पिछले दरवाजे से घुसे चोर
गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को बदमाश पीछे का गेट तोड़कर मकान में प्रवेश करे और वहां रखी पैटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 80 हजार रुपये बदमाशों ने पार कर दिए।
शुक्रवार सुबह जब परिवार अगले दिन सुबह सेमलापार पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था नकदी गायब थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
आसपास के क्षेत्र को देखा, हालांकि वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। शाम को पुत्र राजेंद्र पंवार की शिकायत पर सुठालिया थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर की गई है।
मकान में हो रहा निर्माण कार्य
मंत्री पंवार के सेमलापार स्थित निवास पर फिलहाल कुछ निर्माण कार्य किया जा रहा है। ऐसे में घर आसपास से खुला है। यही कारण है कि चोरों ने आसानी से निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि यही कुछ मजदूर रहते हैं। ऐसे में पुलिस इनसे भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस मामले को दबाने में जुटी रही
खास बात यह है कि मप्र शासन के मंत्री के घर में बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। बदमाशों को किसी का खौफ नहीं रहा और उन्होंने मंत्री के मकान को ही टारगेट कर डाला। उधर घटना के बाद पुलिस मामले को दबाने में जुटी रही।
सुठालिया थाना प्रभारी अनिल राहोरिया घटना को लेकर पूरे समय टालमटोल करते रहे। वह चोरी की घटना के बारे में जानकारी देने की बजाए उसे दबाते रहे। उन्हें फोन लगाकर बात करना चाही, लेकिन उन्होंने जानकारी देने से बचने के लिए फोन अटेंड तक नहीं किए।
सुठालिया थाने में चोरी की शिकायत हुई है। घटना के बाद पुलिस जांच कर रही है। संबंधित थाना प्रभारी जांच कर रहे हैं। घर में निर्माण कार्य हो रहा है। ऐसे में आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। - प्रकाश शर्मा, एसडीओपी, ब्यावरा