
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़ /ब्यावरा। कालीपीठ थाने में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। भैंस चोरी के चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंपने वाले लोग ही अब आरोपी बन गए। उन पर अपहरण का केस लगा दिया गया, और फिर केस से बचाने के नाम पर 7 लाख रुपये की मांग की गई।
सौदा 2 लाख में तय हुआ, 50 हजार रुपये दे भी दिए गए। बाकी 1.5 लाख रुपये सोमवार को देने थे, लेकिन लोकायुक्त के संदेश से आरोपियों को शक हो गया और वे रकम लेने नहीं आए। अब थाना कालीपीठ के एसआई, हेड कांस्टेबल, होमगार्ड सैनिक और एक प्राइवेट व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज हो गई है।
मगन्याखेड़ी निवासी राजाराम तंवर ने बताया कि उनके रिश्तेदारों की भैंसें चोरी हुई थीं। रिश्तेदारों ने चोरों को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। लेकिन पुलिस ने चोरों को रात में ही छोड़ दिया। सुबह जब गांव और आसपास के लोग थाने पहुंचे, तो चोरों को फिर बुलाया गया। चोरों ने जवाबदारी ली कि दोनों भैंसें मंगवा देंगे। लेकिन अभी तक सिर्फ एक भैंस वापस आई है। दूसरी भैंस के लिए कहा जा रहा है कि भूल जाओ।
राजाराम का आरोप है कि उल्टा अब चोरों को पकड़ने वालों पर ही अपहरण का केस लगा दिया गया। इस केस से बचाने के लिए मीणा साहब और हेड राहुल ने फोन पर बातचीत में पहले 7 लाख रुपये की मांग की। बाद में दोनों पक्षों का 2 लाख रुपये में तोड़ हुआ। 50 हजार रुपये पहले ही दे दिए गए थे, बाकी डेढ़ लाख रुपये आज देने की जुबान थी।
इस मामले में पीड़ित पक्ष ने 17 नवंबर को भोपाल में लोकायुक्त एसपी सुनील कुमार पाटीदार से शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि थाना कालीपीठ में कुछ अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। एसपी के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोप सही पाए गए।
भोपाल लोकायुक्त की इंस्पेक्टर रजनी तिवारी ने बताया कि मामले में आज कार्रवाई की गई है। लेकिन कार्रवाई के दौरान आरोपियों को थोड़ी शंका हो गई थी, इसलिए रिश्वत की रकम डिलीवर नहीं हो पाई।
इंस्पेक्टर तिवारी ने कहा कि अभी थोड़ा सत्यापन होना बाकी है। इसमें एक एसआई मीणा, एक होमगार्ड सैनिक रईस खान और एक प्राइवेट व्यक्ति शामिल है। लोकायुक्त की कार्रवाई गोपनीय स्तर पर रहती है। रिश्वत की डिमांड प्रमाणित होने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आगे जो चीजें सामने आती जाएंगी, कार्रवाई होती जाएगी।
यह भी पढ़ें- मोहन सरकार का बड़ा फैसला, रमेश चंद्र शर्मा को दिया कैबिनेट मंत्री का दर्जा, नियमों में बदलाव कर जारी किया आदेश
राजाराम तंवर ने कहा कि आज संदेश होने से आरोपी लोग रकम लेने नहीं आए। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले में पूरा थाना सस्पेंड होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मेरे परिवार और जिनकी भैंसें चोरी हुई हैं, उन पर जान का खतरा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग चोर पकड़वाते हैं, उन्हीं को फंसाया जा रहा है, तो फिर आम आदमी न्याय के लिए कहां जाएगा?फिलहाल लोकायुक्त की टीम मामले की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद कालीपीठ थाने सहित पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।