राजगढ़ में बड़ा हादसा टला: बंद रेलवे फाटक के बीच फंसी स्कूली बच्चों से भरी वैन, सारंगपुर एसडीएम ने डीआरएम को लिखा पत्र
सारंगपुर में बंद होते रेलवे फाटक के बीच से निकलने की कोशिश में स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वैन रेलवे ट्रैक पर फंस गई, गेटमैन की सतर्कता से हादसा टल गया...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 11 Jul 2026 04:33:05 PM (IST)Updated Date: Sat, 11 Jul 2026 04:33:05 PM (IST)
रेलवे फाटक बंद होने के दौरान ट्रेक पर फंसी बच्चों से भरी स्कूल वेन। वीडियोग्रेब।HighLights
- बंद होते फाटक के बीच स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वैन रेलवे ट्रैक पर फंस गई
- एसडीएम ने वैन चालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए और डीआरएम को पत्र लिखा
- घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई,स्कूल प्रबंधन के दस्तावेजों की जांच शुरु
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़/ सारंगपुर। सारंगपुर-आगर मार्ग पर रेलवे ट्रैक क्रमांक 159 पर रेलवे फाटक संचालक एवं स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वैन चालक की लापरवाही का मामला सामने आया। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच उपरांत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार की है, जब ट्रेन आने के कारण रेलवे फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान स्कूल मैजिक वैन चालक ने जल्दबाजी में बंद होते रेलवे फाटक के बीच से परहल निकालने का प्रयास किया। इस दौरान बच्चे भी वैन में बैठे थे। इस कोशिश में वैन रेलवे लाइन के अंदर फंस गई, फाटक बंद हो गया।
घटना के दौरान रेलवे गेटमैन ने ट्रेन की स्थिति की जानकारी ली। सावधानी बरतते हुए फाटक खोलकर वैन को निकलवाया।
वीडियो सामने आने के बाद एसडीएम ने लिया संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद शुक्रवार को एसडीएम रोहित बम्होरे ने संज्ञान लिया। उन्होंने थाना प्रभारी को वैन चालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही रेलवे विभाग को भी पत्र लिखकर चालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कहा गया है।
स्कूल वाहनों की होगी जांच
एसडीएम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों को ले जाने के लिए उपयोग की जा रही मैजिक वैन का कमर्शियल रजिस्ट्रेशन नहीं था। स्कूल संचालकों और वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले भी सावधानी बरतने और जल्दबाजी न करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
अधिकारी ने कहा कि स्कूल की वैन और संस्था संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और उनके दस्तावेजों की जांच को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी में है।