रतलाम में स्कूल बंक कर दोस्तों के साथ हनुमान ताल पहुंचा कक्षा 11वीं का छात्र, डूबने से हुई मौत
स्कूल बंक कर दोस्तों के साथ हनुमान ताल घूमने पहुंचे 11वीं के एक छात्र की गुरुवार सुबह डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान घटला-भटूनी निवासी 17 वर्षीय मं...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 04:01:04 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 04:01:04 PM (IST)
मृतक मंगलसिंह और शव निकालते युवक व एसडीआरएफ की टीम। (नईदुनिया)HighLights
- गुरुवार सुबह 11.30 बजे की घटना
- एसडीआरएफ आधे घंटे तक तलाशती रही
- चार युवकों ने पांच मिनट में निकाला शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। स्कूल बंक कर दोस्तों के साथ हनुमान ताल घूमने पहुंचे 11वीं के एक छात्र की गुरुवार सुबह डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान घटला-भटूनी निवासी 17 वर्षीय मंगलसिंह पुत्र गजराजसिंह राजपूत के रूप में हुई है। वह न्यू रोड स्थित गुजराती समाज उमा विद्यालय में पढ़ता था।
घटना सुबह करीब 11.30 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुंचा। करीब एक बजे एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन आधे घंटे तक छात्र का पता नहीं चल सका। इस बीच चार युवकों ने पानी में उतरकर पांच मिनट में शव बाहर निकाल दिया।
बाइक से स्कूल पहुंचा था
जानकारी के अनुसार मंगलसिंह बाइक से स्कूल पहुंचा था, लेकिन कक्षा में जाने के बजाय अपने पांच दोस्तों के साथ हनुमान ताल चला गया। सभी छह छात्र मंगल की बाइक से तालाब पहुंचे थे। साथ आए छात्रों में कक्षा 10वीं के शिवराज गुर्जर, पृथ्वीराज राजपूत और विशाल पंवार, कक्षा 11वीं के रितिक परमार तथा कक्षा 12वीं के रोशन पाटीदार शामिल थे।
छात्र विशाल ने बताया कि सभी तालाब किनारे बैठे थे। इसी दौरान मंगल कपड़े उतारकर पानी में उतर गया। सभी को मंगल ही अपने साथ तालाब लेकर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगल के डूबने के बाद उसके साथ आए अन्य छात्र घबराकर वहां से जाने लगे, जिन्हें रोका गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा, लेकिन स्वजनों के आने से पहले ही वहां से चला गया।
स्वजन का आक्रोश, छात्रों को थाने ले गई पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर मंगल के स्वजन मौके पर पहुंचे। पिता गजराजसिंह ने साथ आए छात्रों पर आरोप लगाए। इस दौरान आक्रोशित स्वजनों और छात्रों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस छात्रों को वाहन से थाने ले गई। एसआई ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन और छात्रों के कथन लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
एसडीआरएफ की तलाश के बीच युवकों ने निकाला शव
करीब एक बजे पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने पानी में भंवर बनाकर और कांटा डालकर छात्र की तलाश की, लेकिन करीब 30 मिनट तक सफलता नहीं मिली। इसी दौरान वहां पहुंचे चार युवकों ने पानी में छलांग लगाई और पांच मिनट में शव बाहर निकाल दिया। इनमें उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले के ओझापुर गांव निवासी और वर्तमान में सैलाना बस स्टैंड क्षेत्र में रहने वाले विनोद चौहान व दुर्गेश चौहान, सरवन निवासी विनोद निनामा तथा वीरियाखेड़ी निवासी गोवर्धन प्रजापत शामिल हैं।
युवकों द्वारा शव निकाले जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तंज कसे। स्वजन पहले मंगलसिंह को निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।