• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • रतलाम

उज्जैन में 3000 साल पुरानी सभ्यता के मिले सबूत, खुले प्राचीन इतिहास के कई राज

अवंती-मालवा विरासत अनुसंधान यात्रा के दौरान रतलाम के आलोट और उज्जैन के महिदपुर क्षेत्र में पुरातात्विक सर्वेक्षण किया गया।

By narendra joshiEdited By: Akash Sharma
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 07:45:54 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 07:45:54 AM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
उज्जैन में 3000 साल पुरानी सभ्यता के मिले सबूत, खुले प्राचीन इतिहास के कई राज
प्राचीन टीलों के समीप सर्वेक्षण करते अवंती-मालवा विरासत अनुसंधान एवं संरक्षण यात्रा के सदस्य

HighLights

  1. शुंगकालीन बर्तनों में अनाज के अवशेष
  2. 2500 साल पुराने मौर्यकालीन साक्ष्य मिले
  3. अष्टकोणीय बावड़ी थी व्यापारिक मार्ग पर

नईदुनिया प्रतिनिधि, आलोट। अवंती-मालवा विरासत अनुसंधान एवं संरक्षण यात्रा के दौरान रतलाम के आलोट और उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में हुए पुरातात्विक सर्वेक्षण में ऐसे साक्ष्य सामने आए हैं, जो इस क्षेत्र के प्राचीन इतिहास की नई परतें खोलते हैं।

यात्रा के समन्वयक, संस्कृतिविद् एवं सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा तथा प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री, पुरातत्वविद् एवं अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर के निदेशक डा. रामचन्द्र ठाकुर ने बताया कि यात्रा के तहत उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील और रतलाम जिले की आलोट तहसील के विभिन्न ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों का समन्वेषण किया गया।


डेलची बुजुर्ग, सामानेरा, कसारी चौहान और रीछाखेड़ा में प्रागैतिहासिक काल से लेकर मौर्य, शुंग, गुप्त और परमारकाल तक के पुरातात्विक साक्ष्य मिले हैं। यात्रा दल में शोधार्थी दिग्विजय द्विवेदी और जितेंद्र प्रभु चौधरी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

डेढ़ किमी लंबे टीले में मिले अनाज के अवशेष

डेलची बुजुर्ग में किए गए सर्वेक्षण में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा प्राचीन टीला सामने आया है। यहां शुंगकालीन मिट्टी के बर्तनों के अवशेष मिले हैं। इन बर्तनों में करीब 90 किलो तक अनाज रखने की क्षमता बताई गई है। इसके अलावा जले हुए मूंग, गेहूं और जौ के अवशेष भी मिले हैं। ये साक्ष्य उस समय की कृषि व्यवस्था और अनाज भंडारण की विकसित तकनीक की ओर संकेत करते हैं।

सूक्ष्म प्रस्तर उपकरणों से औजार निर्माण के संकेत

यहां माइक्रोलीथ यानी सूक्ष्म प्रस्तर उपकरणों के ब्लेड और कोर भी मिले हैं, जिनसे इस क्षेत्र में प्राचीन काल में औजार निर्माण की गतिविधियां होने की संभावना जताई गई है। डेलची बुजुर्ग में हिंगलाज माता का प्राचीन मंदिर, परमारकालीन प्रतिमाएं और लगभग एक हजार वर्ष पुराना स्तंभ भी मौजूद है। मंदिर के पास चूल यानी अग्निकुंड की परंपरा आज भी निभाई जाती है। यहां स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर मराठाकालीन स्थापत्य कला का उदाहरण है।

अष्टकोणीय बावड़ी रही यात्रियों का पड़ाव

डेलची बुजुर्ग की प्राचीन अष्टकोणीय बावड़ी जल संरक्षण के साथ यात्रियों के विश्राम स्थल के रूप में उपयोग की जाती थी। यह उज्जैन के प्राचीन अवंती जनपद को मंदसौर के दशपुर जनपद से जोड़ने वाले प्रमुख व्यापारिक मार्ग पर स्थित थी। मराठाकाल में इसका उपयोग डाक बंगले के रूप में भी किया जाता था। यह बावड़ी उस दौर की जल प्रबंधन प्रणाली और वास्तुकला की उत्कृष्ट मिसाल है।

कसारी चौहान में 2500 से 3000 साल पुराने अवशेष

जिले के कसारी चौहान और रीछाखेड़ा गांवों के प्राचीन टीले करीब 2500 से 3000 वर्ष पुराने माने गए हैं। यहां मौर्यकालीन ईंटों के टुकड़े, ब्लैक एंड रेड वेयर यानी काले और लाल रंग के मिट्टी के पात्रों के अवशेष तथा मालवा सभ्यता से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। क्षेत्र में देवी मां का प्राचीन मंदिर, परमारकालीन मूर्तियां और योद्धाओं की स्मृति में स्थापित पालिया भी मौजूद हैं। ये साक्ष्य मालवा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं।

सेमिनार और श्रमदान से संरक्षित करेंगे विरासत

इन पुरातात्विक साक्ष्यों और मूर्ति शिल्प को सुरक्षित रखने के लिए सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन और अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर की ओर से योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत सेमिनार आयोजित करने के साथ स्थानीय स्तर पर श्रमदान के माध्यम से पुरातात्विक स्थलों और मूर्तियों के संरक्षण के प्रयास किए जाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इन स्थलों का संरक्षण कर इतिहास की नई जानकारियां सामने लाई जा सकती हैं।

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।