
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के उभरते हुए क्रिकेट सितारे आशुतोष शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आशुतोष का चयन आगामी टी-20 विश्व कप 2026 के अभ्यास मैचों के लिए 'भारत-ए' टीम में किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके करियर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है, बल्कि रतलाम और पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
आशुतोष शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैदान के चारों ओर बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत मध्य प्रदेश (MP) की टीम से की थी, जहां उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। वर्तमान में वह घरेलू क्रिकेट में रेलवे की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। रेलवे की ओर से खेलते हुए उन्होंने हाल के सत्रों में कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं, जिसका फल उन्हें अब 'इंडिया-ए' की जर्सी के रूप में मिला है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान की जिद से क्रिकेट जगत में हड़कंप, मैच न खेलने के फैसले से दांव पर कैसे लगे ₹4500 करोड़, समझें पूरा गणित
भारत-ए की यह टीम विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न देशों की मुख्य टीमों के खिलाफ अभ्यास मुकाबले खेलेगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आशुतोष के पास इस मंच पर अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा मौका है, जो भविष्य में उनके लिए भारतीय सीनियर टीम के दरवाजे भी खोल सकता है।