
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। कालिका माता मंदिर स्थित झाली तालाब में गुरुवार देर रात युवक के डूबने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक तालाब के बीचोंबीच फव्वारे के पास पहुंचने के बाद संघर्ष करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच हुई जिद या शर्त के चलते वह तालाब पार करने के लिए पानी में उतरा था। हालांकि शर्त किससे लगी थी और घटना के समय उसके साथ कौन-कौन मौजूद था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और संबंधित लोगों के बयानों के बाद ही हो सकेगी।
घटना रात करीब 12 बजे की है। सूचना पर थाना स्टेशन रोड पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम पहुंची। रात करीब तीन बजे तक तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान घटनास्थल के आसपास तलाशी में युवक के कपड़े, मोबाइल और पर्स मिले। पर्स में रखे आधार कार्ड से उसकी पहचान रायसेन जिले के ग्राम सालेरा निवासी 22 वर्षीय सोनू पुत्र रंजन बैरागी के रूप में हुई। पुलिस ने स्वजन को सूचना दी। शुक्रवार सुबह बड़ा भाई दानसिंह और माता-पिता रतलाम पहुंचे। रात तक युवक का पता नहीं चल पाया था और तलाश जारी थी।
एसआई यूनुस खान ने बताया कि सोनू कालिका माता मेले में उज्जैन निवासी आजाद और अफजल के झूलों पर काम करता था। वे कई वर्षों से उनके यहां काम कर रहा था और झूले पर ही सोता था। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वह निकला था। मेला समाप्त होने के बाद झूले खोलने का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए करीब पांच मिनट के वीडियो में युवक तालाब के बीच फव्वारे के पास तैरता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह थककर हांफने लगता है और पानी में डुबकियां खाने लगता है। वह हाथ-पैर मारकर बाहर निकलने का प्रयास करता नजर आता है।
वीडियो में तालाब किनारे कुछ लोगों की मौजूदगी और उनके बीच बातचीत भी सुनाई देती है। इसमें वे युवक के डूबने पर चिल्लाते नजर आ रहे है। शर्त लगाए जाने की बात भी वीडियो में पीछे से सुनाई दे रही है। जहां से वीडियो बनाया गया उसकी दूसरी ओर कुछ युवक भी दिखाई दे रहे है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों से सोनू के साथ जाने वालों की खोज कर रही है।