
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुंजा में कपास और मक्का की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती का मामला सामने आया है। जिले में 30 सितंबर को सरवन के उंडेर और 9 अक्टूबर को शिवगढ़ के जाम्बुकुड़ी के बाद यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खेत में दबिश देकर गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 280.65 किलोग्राम है। ग्राम गुंजा निवासी 52 वर्षीय वीरू पुत्र शम्भु पारगी को गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने वीरू को एक दिन के रिमांड पर सौंपा है।
थाना प्रभारी लिलियन मालवीय ने बताया कि शुक्रवार को वीरू पारगी के खेत में गांजे के पौधे उगाए रखने की जानकारी मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और खेत में दबिश दी। इस दौरान खेत में एक व्यक्ति काम करता दिखाई दिया। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान वीरू के रूप में हुई। खेत में कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के हरे पौधे उगे मिले। कार्रवाई एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एएसपी विवेक कुमार लाल व एएसपी राकेश पंद्रो और एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में की गई।
एसआई प्रतापसिंह भदोरिया, अजमेरसिंह भुरिया और आइएम खान, प्रधान आरक्षक रघुवीरसिंह शक्तावत, जितेन्द्रपालसिंह राठौर, आरक्षक मनीष खराड़ी, सचिन पाटीदार और विकास जादौन व महिला आरक्षक रंजिता मोदी की भूमिका रही।
सरवन: उंडेर में करीब 65 बीघा जमीन पर गांजे की अवैध खेती के मामले में फरार चल रहे किशन पुत्र शांतिलाल निनामा, कालू पुत्र हूरसिंह और मगन पुत्र लालू निनामा को सरवन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित राजस्थान के बांसवाड़ा की ओर भागने की फिराक में थे।
पुलिस ने श्यामपुरा और मुख्य बांसवाड़ा रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। न्यायालय से एक दिन का रिमांड मिलने के बाद पूछताछ की गई, फिर तीनों को जेल भेज दिया गया। इससे पहले अनिल पुत्र बसंत निनामा को गिरफ्तार किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर को पुलिस ने गांजे के 2948 पौधे जब्त किए थे। कार्रवाई एसडीओपी लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में की गई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में ब्राउन शुगर, इंजेक्शन और 1,989 सिरप, 302 किलो गांजा और 11 हजार टैबलेट पर चला पुलिस का रोलर