
रतलाम। रतलाम (मध्य प्रदेश) से छठी बार सांसद बने वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीपसिंह भूरिया का बुधवार सुबह 11 बजे गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे।
उन्हें पांच जून की सुबह रतलाम सर्किट हाउस में दिल का दौरा पड़ा था। इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के अगले दिन उन्हें मेदांता ले जाया गया। आठ जून को यहां भूरिया को ब्रेन हेमरेज हो गया। डॉक्टरों ने सर्जरी की, तब से हालत में सुधार आ रहा था पर बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। भूरिया की विधायक बेटी निर्मला सहित करीबी रिश्तेदार और भाजपा के कुछ नेता पार्थिंव देह लेकर हवाई मार्ग से शाम छह बजे इंदौर पहुंचे।
गुरुवार सुबह उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, कई मंत्री, केंद्रीय मंत्री सहित अनेक भाजपा नेता शामिल होंगे।
पहली बार भाजपा को दिलाई जीत
दिलीपसिंह भूरिया ने रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट से पहली बार भाजपा को जीत दिलाई थी। मध्य प्रदेश में शराब की दुकानों का समय बढ़ाने के खिलाफ उन्होंने स्वयं की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शराबखोरी पर अंकुश लगाने की मांग की।