
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। खाटूश्याम के दर्शन की आस लेकर जोबट से राजस्थान के लिए निकला एक परिवार शुक्रवार देर रात दिल्ली-मुंबई एटलेन एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गया। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कजलिया पाड़ा के पास कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार घिसटते हुए आगे जाकर पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन साल के बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसआइ आइएम खान के अनुसार कार क्रमांक एमपी 09 डीएल 8098 में कुल नौ लोग सवार थे। सभी जोबट से खाटूश्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। हादसा रात करीब 11.30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय जतिन पुत्र हरिनारायण वर्मा, 30 वर्षीय लिसा पत्नी जतिन वर्मा दोनों निवासी जोबट, 35 वर्षीय पप्पू पत्नी राजेश मांझी निवासी टांडा, धार और 35 वर्षीय राजू पत्नी अरुण निवासी मालवीय नगर, इंदौर के रूप में हुई है।
हादसे में 35 वर्षीय मीणा पत्नी प्रकाश कहार निवासी झाबुआ, 8 वर्षीय पथ पुत्र अरुण निवासी इंदौर, 3 वर्षीय टिशू पुत्र अरुण, 40 वर्षीय अरुण पुत्र मनीष और 30 वर्षीय रवि पुत्र दीपचंद निवासी पारा झाबुआ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कालेज भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। रात में तेज गति से जा रही कार चालक को खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद कार कुछ दूर तक घिसटती हुई गई और फिर पलट गई। हादसे में कार में सवार लोग फंस गए। कुछ लोग किसी तरह बाहर निकले, जबकि अन्य को निकालने के लिए राहत दल को मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और एनएचएआई को दी। रात 11.45 बजे एनएचएआई की एंबुलेंस का स्टाफ संजय चरपोटा, पायलट प्रताप सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शिवगढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। रात 11.55 बजे क्रेन मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई और दो एंबुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे की सूचना मिलने पर स्वजन भी रात में रतलाम पहुंचे।
यह भी पढ़ें- आज से लागू हुए ट्रैफिक के नए नियम, छोटी गलतियों पर मिलेगी चेतावनी, बिना बीमा गाड़ी चलाने पर 10 हजार तक जुर्माना
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार की गति तेज होने की बात सामने आई है। पुलिस ट्रक के सड़क किनारे खड़े होने और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। शनिवार सुबह शवों को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया।