
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों द्वारा अतिथि शिक्षक को पकड़कर पेड़ से बांधने और उसके साथ मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में शिक्षक को पेड़ से बांधकर चांटे मारने और रस्सी से पीटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। शिक्षक रो-रोकर छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन ग्रामीण उसे नहीं छोड़ रहे थे। घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया।
ग्रामीणों के अनुसार अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाया था। इसके बाद वह उसे एक झोपड़ी में ले गया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। छात्रा के शोर मचाने पर उसके स्वजन मौके पर पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को ग्रामीणों से छुड़ाया।
21 वर्षीय योगेंद्र जाटव मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में रतलाम के खारवाकला में किराये के मकान में रहता है और पास के पिपल्या तुखार गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक है।
शिक्षक ने भी ताल थाने में मारपीट और धमकी देने की शिकायत की है। शिकायत के अनुसार वह 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1.30 बजे स्कूल से लंच के समय अपनी पहचान की लड़की से मिलने गया था। करीब 2.45 बजे खारवा की एक कोठड़ी के पास दो लोगों ने उसे रोक लिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए पूछा कि वह उनके गांव की लड़की से मिलने क्यों आया है।
शिक्षक के गाली देने से मना करने पर एक व्यक्ति ने लकड़ी और दूसरे ने रस्सी से उसके साथ मारपीट की। दोनों ने दोबारा गांव की किसी लड़की से मिलने आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। शिक्षक ने दोनों आरोपियों को पहचानने से इनकार किया है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दूसरी ओर, छात्रा के स्वजन की शिकायत पर योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि शिक्षक से मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Gwalior Crime : चोरी के शक में पिता ने पेड़ से बांधकर पीटा, बेटे की हुई मौत