
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रतलाम के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ तीन साल से लगातार शारीरिक शोषण, जबरन गर्भपात, डराने-धमकाने और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी समीर उर्फ मार्बल पुत्र शहजाद मार्बल के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी समीर पर पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2023 में जब वह नाबालिग थी, तब उसके भाई के दोस्त समीर निवासी रामरहीम नगर ने उसे बहला-फुसलाकर मेलजोल बढ़ाया। समीर उसे बहाने से अपने घर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तो समीर ने उसे जबरन कोई दवाई खिलाकर गर्भपात करवा दिया। विरोध करने पर चाकू दिखाकर उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद समीर लगातार उसे डरा-धमकाकर मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाने लगा। दोबारा गर्भवती होने पर समीर उसे एक अनजान जगह ले गया और नाबालिग होने के बावजूद जबरन निकाह कबूल करवा लिया। निकाह के बाद समीर उसे अपने घर ले गया, जहां उसे बंधक जैसी स्थिति में रखा गया और परिवार से मिलने नहीं दिया गया।
इस दौरान पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया, जो अभी नौ माह का है। बच्चा होने के बाद समीर का अत्याचार और बढ़ गया। वह आए दिन पीड़िता के साथ मारपीट करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपने घर वालों को आपबीती बताई।
8 जून को समीर ने पीड़िता के साथ बर्बरता और मारपीट की, जिससे उसके गाल और गर्दन पर चोटें आईं। किसी तरह वह अपने माता-पिता के घर पहुंची। उसी शाम समीर ने उसके मायके आकर पत्थरबाजी भी की।
यह भी पढ़ें- एमपी में मानसून... भोपाल समेत 32 जिलों में झमाझम बारिश की चेतावनी, अगले 24 घंटे ऐसा ही रहेगा मौसम
10 जून की शाम करीब 4 बजे जब परीक्षा या किसी काम से पीड़िता कोर्ट चौराहा पर खड़ी थी, तब समीर वहां आया और पीड़िता को साथ चलने के लिए मजबूर किया और उसके 9 माह के बच्चे को जबरन छीनने का प्रयास किया। आस-पास के लोगों के बीच-बचाव के कारण पीड़िता किसी तरह बचकर घर लौटी।
इसके बाद समीर ने पीड़िता के भाई को फोन कर धमकी दी कि यदि उसने अपनी बहन को वापस नहीं भेजा, तो वह चाकू मारकर उसकी हत्या कर देगा। इसके बाद पीड़िता माता-पिता के साथ थाने पहुंची। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।