नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शनिवार दोपहर रतलाम-सैलाना मार्ग के पलसोड़ा फंटे पर एक घोड़ा वहां से गुजर रहे हाथी के पीछे दौड़ा और उसे काटने लगा। इससे हाथी बिफर गया और महावत भी गिरते-गिरते बचा। बाद में जैसे-तैसे घोड़े को अलग करने पर हाथी आगे निकला।
दरअसल हाथी के वहां से गुजरने के दौरान कुछ लोग आगे चल रहे थे, जबकि महावत हाथी पर बैठा था। इस दौरान वहां एक व्यक्ति सफेद रंग के घोड़े को लेकर आ रहा था। अचानक घोड़ा हाथी के पीछे दौड़कर टक्कर मारने व काटने का प्रयास करने लगा।
इससे हाथी सड़क पर ही इधर-उधर जाने लगा और रास्ते में लगा एक बोर्ड भी उखाड़कर फेंक दिया व एक बाइक भी गिरा दी। कुछ देर के लिए हाइवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोगों ने घोड़े को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन बार-बार वह रस्सी तोड़कर हाथी की तरफ जाता रहा। कुछ देर बाद घोड़े को पकड़ने पर स्थिति सामान्य हुई।
घोड़े ने लिया हाथी से पंगा… पीछे दौड़कर पैर पर काटा, चौंकाने वाली है आगे की कहानी, यहां पढ़ें पूरी खबर https://t.co/eZvwqiMRIo#Horse #Elephant #Ratlam #MadhyaPradesh #MPNews #Naidunia pic.twitter.com/xGPyH012yZ
— NaiDunia (@Nai_Dunia) June 2, 2025
घोड़े द्वारा हाथी पर किए गए हमले से वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए। किसी को कुछ समझ नहीं आया कि अचानक घोड़ा हाथी के पीछे दौड़कर उसे क्यों काटने लगा। सभी लोग इस बात से घबराए हुए थे कि हाथी दौड़कर उनकी तरफ ना आ जाए। हाथी के साथ मौजूद महावत और अन्य लोग दोनों को अलग करने की कोशिश करते रहे।