
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। नामली-पंचेड़ रोड स्थित तुलसी वाटर पार्क की आड़ में चल रहे स्पा सेंटर पर पुलिस दबिश में सामने आया है कि थाईलैंड की युवतियां ग्राहकों से बातचीत के लिए गूगल ट्रांसलेटर का उपयोग करती थीं। सेंटर पर 30 और 45 मिनट के हिसाब से अलग-अलग शुल्क तय थे। मामले में नामली निवासी दिलीप पुत्र प्रहलादसिंह ठाकुर, राजस्थान के पाली निवासी नरेश चौहान, जोधपुर निवासी भरत मेवाड़ा, रतलाम निवासी योगेशसिंह डाबी के अलावा एक महिला का नाम भी सामने आया है।
कार्रवाई के बाद जांच अंतरराज्यीय नेटवर्क पर केंद्रित हो गई है, जिसकी जड़ें राजस्थान के उदयपुर और जयपुर तक पहुंच रही हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार इन शहरों को बड़े ट्रांजिट हब के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां से थाईलैंड समेत उत्तर-पूर्वी राज्यों की युवतियों को मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के स्पा सेंटरों तक भेजा जाता है। मामले में मानव तस्करी, टूरिस्ट वीजा के संभावित दुरुपयोग और आर्थिक नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर पर मिली थाई युवतियों को छह-सात माह पहले उदयपुर और जयपुर से रतलाम लाया गया था। नेटवर्क तय पैटर्न पर काम करता है, जिसमें युवतियों को हर छह-सात माह में अलग-अलग शहरों के स्पा सेंटरों में भेज दिया जाता है। आशंका है कि इसी तरह रतलाम समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी युवतियों की सप्लाई की जा रही है।
जांच में मीडियेटर सिस्टम भी सामने आया है। यह मीडियेटर विभिन्न राज्यों और विदेशों से युवतियों की व्यवस्था कर स्पा संचालकों से संपर्क बनाए रखते हैं। पुलिस को ऐसे व्हाट्सऐप ग्रुप की जानकारी मिली है, जिनके जरिए युवतियों की आवाजाही, ठहराव, भुगतान और नए सेंटरों पर नियुक्ति तय होती है। सभी युवतियों को मसाज स्टाफ बताकर रखा जाता है।
मालूम हो कि राजस्थान के जयपुर में भी सप्ताहभर से तेजी से फैल रहे स्पा सेंटरों पर बड़े स्तर पर कार्रवाई हुई है। करीब 40 स्पा सेंटरों पर दबिश में कई संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियां अब जयपुर, उदयपुर और मध्यप्रदेश के शहरों के बीच सक्रिय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही हैं। अधिकारियों के अनुसार जयपुर और उदयपुर टूरिस्ट प्लेस होने से स्पा नेटवर्क के बड़े संचालन केंद्र बन चुके हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी के सभी मॉल, कॉलेज और होटलों में अग्नि सुरक्षा के उपायों की होगी जांच, दिल्ली अग्निकांड के बाद एक्शन में सरकार
पुलिस युवतियों के वीजा की जांच के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करेगी। जांच में सामने आया है कि युवतियां टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थीं। नियमों के अनुसार टूरिस्ट वीजा पर रोजगार या व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति नहीं होती। ऐसे में स्पा सेंटरों में कार्यरत पाए जाने पर यह वीजा शर्तों के उल्लंघन की श्रेणी में आ सकता है। जांच एजेंसियां स्थानीय सहयोगियों, होटल और परिवहन नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं।
सूत्रों के अनुसार स्थानीय स्तर या अन्य राज्यों से आई युवतियां परिवारों को दूसरे रोजगार की जानकारी देकर बाहर निकलती हैं, जबकि यहां स्पा सेंटरों में कार्य कर कमाई का हिस्सा घर भेजती हैं।