
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : दो पड़ोसी परिवारों के विवाद में शिकायतों पर एफआईआर दर्ज होने और दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर देने के बा दीनदयाल नगर थाने में हंगामे की स्थिति बन गई। थाने पहुंची दो किशोरियों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की धमकी दी।
उन्हें रोकने के लिए पुलिसकर्मी आगे आया तो वह गिर गया। इस दौरान थाना प्रभारी अनुराग यादव के साथ भी झूमाझटकी हुई। घटनाक्रम के दौरान एक युवक पर किशोरियों को उकसाने और वीडियो बनाने का भी आरोप है।
मामला टांक समाज के दो पड़ोसी परिवारों के बीच पिछले दो दिनों से चल रहे विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने 8 अक्टूबर को एक पक्ष की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की थी। इसके बाद शुक्रवार को हुए एक अन्य विवाद में दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी प्रकरण दर्ज किया गया।
पहली शिकायत में पड़ोसी परिवार के तीन सदस्यों पर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। वहीं, दूसरे पक्ष ने पड़ोसी परिवार के सदस्यों पर युवती की बहन को थप्पड़ मारने, आए दिन विवाद करने और परेशान करने की शिकायत की।
थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनका पक्ष सुनने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद थाने में आत्मदाह की धमकी देने और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की स्थिति बनी। युवक के साथ किशोरियों ने पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। मामले में पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
यह भी पढ़ें- MP में जनसुनवाई के दौरान आत्मदाह की कोशिशें जारी, रतलाम में जमीन विवाद को लेकर युवक ने खुद पर उड़ेला घासलेट