
रतलाम। शहर के विकास के लिए रतलाम निवेश क्षेत्र की स्वीकृति इस वर्ष की बड़ी उपलब्धि रही है। इससे रतलाम को मालवा-निमाड़ का प्रमुख व्यापारिक व औद्योगिक केंद्र बनाने का आधार तैयार हो गया है। कांग्रेस शासन काल और कोरोनाकाल से विकास की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब शहर फिर रफ्तार पकड़ चुका है। आसपास सड़कों का जाल बिछने से रतलाम में व्यापार-व्यवसाय की वृद्धि हुई है। नमकीन क्लस्टर और अल्कोहल प्लांट की भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र से लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे छह से सात हजार लोगों हेतु रोजगार का अवसर भी निर्मित होगा।
यह बात विधायक चेतन्य काश्यप ने कार्यकर्ता दीप मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा रतलाम निवेश क्षेत्र को एट लेन एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के प्रयास में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के सहयोग से सफलता मिली है। यह निवेश क्षेत्र केवल औद्योगिक निवेश का क्षेत्र ही नहीं होगा, बल्कि लाजिस्टीक का सेंटर भी बनेगा। यहां फिल्म स्टूडियों भी बन सकते हैं। यूनिवर्सिटी, मैरिज सेंटर भी विकसित हो सकते हैं। इससे रतलाम को मालवा-निमाड़ का पुनः प्रमुख व्यापारिक व औद्योगिक केंद्र बनाया जा सकेगा।
ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि विधायक काश्यप दूरदृष्टि वाले हैं। वे शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे जिले का ध्यान रख रहे हैं। कोरोना काल में जिले के साथ-साथ उनके प्रयासों से पूरे मालवांचल को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा ने कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में पंचायतों के चुनाव होंगे। फिर निकायों और सहकारी संस्थाओं के चुनाव भी होना है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा इन सभी चुनावों में अपना परचम लहराएगी। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक पोरवाल, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, नीलेश गांधी, कृष्णकुमार सोनी, करणधीर्य बड़गोत्या, मयूर पुरोहित ने भी संबोधित किया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, वरिष्ठ नेता प्रेम उपाध्याय, झुग्गी प्रकोष्ठ की प्रदेश सह संयोजक अनिता कटारिया, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शेरानी आदि उपस्थित थे। संचालन व आभार प्रदर्शन जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा ने किया।