
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। औद्योगिक विकास के नक्शे पर रतलाम को नई पहचान दिलाने वाली बड़ी परियोजना को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दी है। रतलाम इन्वेस्टमेंट रीजन में 1121 एकड़ (453 हेक्टेयर) भूमि पर बायो-फार्मा पार्क स्थापित किया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंदसौर जिले के गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रीट में हुई मंत्रि-परिषद की नौवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
परियोजना से करीब 18 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश और करीब 25 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। पार्क में करीब 150 औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य है। इसके विकास पर शुरुआती तीन वर्षों में लगभग 1042 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बायो-फार्मा पार्क में निवेश आकर्षित करने के लिए सरकार ने विशेष प्रोत्साहन पैकेज को भी मंजूरी दी है। यहां पात्र औद्योगिक इकाइयों को एक रुपये प्रति वर्गमीटर प्रीमियम पर भूमि आवंटित की जाएगी। इसके अलावा वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने की तारीख से सात वर्षों तक पांच रुपये प्रति यूनिट की प्रभावी दर से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। औद्योगिक जल भी शुरुआती सात वर्षों तक 25 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से दिया जाएगा।
इस पार्क में पारंपरिक दवा निर्माण के साथ आधुनिक जैव तकनीक आधारित उद्योगों को भी जगह मिलेगी। यहां बायोलाजिक्स, बायोसिमिलर, वैक्सीन, औद्योगिक एवं थेराप्यूटिक एंजाइम्स, फर्मेंटेशन मीडिया, फर्मेंटेशन आधारित एपीआई और केएसएम, विटामिन, न्यूट्रास्यूटिकल इंटरमीडिएट्स, प्रिसिजन फर्मेंटेशन तथा सीडीएमओ और सीआरओ जैसी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो सकेंगी। इससे दवा निर्माण, जैव प्रौद्योगिकी और संबंधित क्षेत्रों में निवेश की नई संभावनाएं बनेंगी।
परियोजना के क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआइडीसी) को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है। पार्क में कामन फैसिलिटी सेंटर विकसित करने के लिए केंद्र सरकार की बायोफार्मा शक्ति पहल और अन्य केंद्रीय योजनाओं के तहत प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
औद्योगिक इकाइयों को भूमि, भूखंड और भवन आवंटन के लिए आनलाइन आवेदन करना होगा। आवंटन से पहले निवेशक की आर्थिक क्षमता, प्रस्तावित निवेश, रोजगार सृजन, तकनीकी क्षमता और भूमि की जरूरत का आकलन किया जाएगा। इसके लिए विशेष समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव करेंगे।
सरकार का उद्देश्य इस परियोजना के माध्यम से रतलाम इन्वेस्टमेंट रीजन में देश का बड़ा बायोइकोनामी एवं बायोमैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करना है। इससे रतलाम के औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आ सकता है। दवा और जैव तकनीक से जुड़े उद्योगों के आने से स्थानीय स्तर पर रोजगार, सहायक उद्योगों, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलने की संभावना है।
रतलाम के औद्योगिक विकास में बायो फार्मा पार्क अहम भूमिका निभाएगा। सुनियोजित रूप से निवेश क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी। इससे रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ ही अन्य क्षेत्रों में आर्थिक, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। - चेतन्य काश्यप, मंत्री व शहर विधायक