सैलाना, रतलाम। मध्य प्रदेश में इन दिनों जोरदार बारिश हो रही है। सभी नदी, नाले उफान पर हैं। इस बारिश के चलते रतलाम के पास सैलाना गांव में बने केदारेश्वर महादेव मंदिर की सुंदरता भी बहुत बढ़ गई है। ऐसा इसलिए बारिश की वजह से मंदिर के आंगन में गिरने वाला झरना फूट पड़ा है। जो मंदिर की खूबसूरती को और बढ़ा रहा है। पिछले दो दिनों से इलाके में हो रही बारिश के बाद झरना से पानी का फव्वारा फूट पड़ा है। मानो, खुद आसमान से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक हो रहा हो। मंदिर से जुड़ी इस तस्वीर को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
बता दें कि ये मंदिर रतलाम से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद सैलाना गांव के पास है। पहाड़ियों से घिरा होने की वजह से बारिश में ये स्वर्ग जैसा नजर आता है। ऊंची-ऊंची पहाड़ियों से घिरी इस जगह पर आस-पास की चट्टानों से रिसता पानी इकठ्ठा होता है और फिर झरने की शक्ल में मंदिर के आंगन में गिरने लगता है। बारिश का पानी जब ऊंचाई से मंदिर के पास स्थित कुंड में गिरता है तो पानी की छोटी-छोटी सतरंगी बूंदें वातावरण को इंद्रधनुषी आभा प्रदान करती है। ये मंदिर करीब ढाई सौ पुराना है और इसका एक अपना ऐतिहासिक महत्व भी है।
यहां मौजूद शिवलिंग प्राकृतिक है। कहते है यहां पहले केवल एक शिवलिंग हुआ करता था। 1736 में सैलाना के महाराज जयसिंह ने यहां एक सुंदर मंदिर का निर्माण करवाया और आगे जाकर यही मंदिर केदारेश्वर महादेव मंदिर' के नाम से मशहूर हुआ। हर साल यहां महाशिवरात्रि, वैशाख पूर्णिमा और कार्तिक पूर्णिमा पर मेला लगता है। वहीं सावन के महीने में तो कावड़ यात्रियों का यहां मेला से लग जाता है। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और भक्त यहां आते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। श्रावण मास में बड़ी संख्या में कावड़ यात्री और श्रद्धालु यहाँ आते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।