
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। सराफा बाजार से लगे चौमुखीपुल क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरों ने भंडारी ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर 2 लाख रुपये से अधिक कीमत की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
चोरी गए आर्टिफिशियल आभूषणों में व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे और कड़ियां सहित अन्य सामान शामिल है। वारदात में शामिल तीन चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
रतलाम में PPE किट पहनकर आए तीन चोर, दुकान से उड़ाए 2 लाख के गहने और नकदी, देखें Video https://t.co/Jyb3WdbLNC
— NaiDunia (@Nai_Dunia) October 21, 2026
दुकान संचालक रजत भंडारी ने बताया कि वे मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार दिनेश सुराना ने फोन कर दुकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। रजत दुकान पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के तीन-चार बॉक्स खाली मिले। चोर इनमें रखी 2 लाख रुपये से अधिक कीमत की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद ले गए।
दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पहचान छिपाने के लिए पीपीई किट पहन रखी थी और चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। उनके हाथों में टॉर्च भी थी। फुटेज के अनुसार, चोर बुधवार तड़के करीब 3:50 बजे दुकान के अंदर दिखाई दिए। चोरों ने दुकान में रखे आर्टिफिशियल आभूषणों के बॉक्स खाली किए और नकदी लेकर फरार हो गए।
चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरी की सूचना मिलने पर एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने दुकान के अंदर और ऊपरी मंजिल पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। फुटेज में तीन आरोपित दिखाई दिए हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट का बड़ा फैसला... शिक्षकों के अंतर-जिला तबादले पर रोक! वरिष्ठता प्रभावित न करने के दिए आदेश