
Ratlam Murder News नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम/नामली। पुलिस ने नामली थाना क्षेत्र में हुई बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। दोनों युवकों की हत्या जहां शव मिले थे वहां से करीब आठ किलोमीटर दूर बांगरौद-नेगड़दा मार्ग पर की गई थी। वहां से शवों व मृतक की बाइक को एक कार में रखकर हाईवे पर कांडरवासा फंटे के पास फेंककर सड़क दुर्घटना में युवकों की मौत दर्शाने का प्रयास किया गया था। पुलिस के अनुसार दोनों युवकों की हत्या तीन वर्ष पहले जेल में दो ग्रुपों के कुछ युवकों के बीच हुई मारपीट की रंजिश और ग्रुपों की आपसी लड़ाई के चलते की गई थी। अब तक 21 के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी राहुल कुमार लोढा ने मंगलवार दोपहर दोहरे अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने की जानकारी देते हुए बताया कि केशव गुर्जर और गजेंद्र डोडिया मित्र कुलदीप जाट के जन्मदिन की पार्टी में गए थे। रात करीब 10:30 बजे दोनों बाइक पर वहां से निकले थे तभी आरोपी पक्ष को फोन लगाकर एक युवक ने उनके निकालने की जानकारी दी थी। इसके बाद आरोपितों ने चारपहिया वाहनों से घेराबंदी कर कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों गिरकर घायल हो गए थे। इसके बाद केशव व गजेंद्र की हाकी, डंडे व फावड़े से पिटाई की गई थी।

दोनों की मौत होने के बाद दोनों के शव एक कार में और उनकी क्षतिग्रस्त बाइक दूसरी कार में डालकर हाईवे पर शव व बाइक ले जाकर दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया गया था।
अब तक आरोपित सूर्यपाल सिंह पुत्र मदन सिंह पडियार, राहुल पुत्र शंकर जाट, शैलेंद्र उर्फ शालू, अंकित पुत्र मुकेश कुमावत, योगेश पुत्र भंवरलाल राठौर और अभिषेक पुत्र रणछोड जाट को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपित कान्हा जाट, दीपक जाट, प्रदीप जोशी, चरणसिंह जाट, समरथ चौधरी, रोहित कुमावत, ध्रुव जाट, दीपक गहलोत, सौरभ गेहलोत, विजय मेट, सौरभ मराठा, राजाराम चौधरी, दीपक गुर्जर और भगवान सिंह की तलाश की जा रही है।
21 व 22 मार्च की दरमियानी रात महू-नीमच हाईवे पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को कांडरवासा फंटे के पास 29 वर्षीय केशव गुर्जर और 30 वर्षीय गजेंद्र उर्फ गज्जू मृत मिले थे। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। वहीं शवों से कुछ दूर पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था मिली थी। पहले माना जा रहा था कि उनकी मौत सड़क हादसे में हुई होगी, लेकिन 22 मार्च की दोपहर दोपहर शव घर ले जाते समय उनके स्वजन व अन्य लोगों ने हाईवे के अमलेटा फंटे पर जाम लगाकर धरना देकर उनकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। साथ ही धारा 302 में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके मकान तोड़ने की मांग की थी।
पुलिस अधिकारियों द्वारा बारीकी से निष्पक्ष जांच कर जांच में आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देने पर धरना प्रदर्शन व जाम खत्म किया गया था। वहीं पुुलिस को घटना स्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर बांगरोद-नेगड़दा मार्ग पर एक क्षतिग्रस्त कार भी मिली थी। कार में हाकी व डंडें भी पाए गए थे।