
Ratlam News नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। सैलाना ओवरब्रिज पर महिला सफाई कर्मियों को तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। सफाई कर्मी जब आर्थिक सहायता व मृतका के एक स्वजन को नौकरी देने की मांग करने नगर निगम पहुंचे तो विवाद की स्थिति बन गई।
कर्मचारियों का आरोप है कि महापौर व निगमायुक्त ने संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। उन्होंने निगम के सामने शव सड़क पर रखकर रोड जाम कर दिया और धरना देकर प्रदर्शन किया। दो घंटे बाद आयुक्त वहां पहुंचे और चर्चा के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।
जानकारी के अनुसार निगम के ठेके पर कार्यरत 32 वर्षीय सफाई कर्मचारी कविता भाटी और हिना परमार रात करीब 1.30 सैलाना ओवरब्रिज पर सफाई कर रही थी। तभी वहां से गुजर रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कविता व हिना गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद कविता ने दम तोड़ दिया।
मंगलवार दोपहर सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी महापौर प्रहलाद पटेल व निगमायुक्त एपीएस गहरवाल से मिले तथा मृतका कविता के स्वजन को आर्थिक सहायता, एक स्वजन को नौकरी देने, घायल हिना का समुचित इलाज कराने, ठेका पद्धति बंद करने आदि की मांग की। चर्चा के दौरान आयुक्त व कर्मचारी नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। कर्मचारी नेता कमल भाटी व अन्य ने बताया कि महापौर व आयुक्त ने संतोषप्रद जवाब नहीं दिया और आयुक्त ने अभद्र व्यवहार किया।