
Ratlam News नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। जिले में मंगलवार को हर तरफ हनुमान जन्मोत्सव का उल्लास छाया रहा। शहर के नेहरू स्टेडियम में हजारों भक्तों ने 51 हजार हनुमान चालीसा का पाठ कर रिकॉर्ड कायम किया। देवालयों में सुबह से रात तक धार्मिक अनुष्ठान का सिलसिला चला। यज्ञ-हवन की पूर्णाहुति पर कहीं शोभायात्रा निकाली गई तो कहीं कलश यात्रा। हनुमानजी का नयनाभिराम श्रृंगार कर महाआरती की गई। बाद में प्रसाद का वितरण किया गया।
शहर में जगह-जगह सुबह से हनुमान जन्मोत्सव के आयोजन शुरू हुए, जो देर रात तक चलते रहे। पहली बार नेहरू स्टेडियम में 51 हजार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। श्री मंगलनाथ महाकाल रक्तदान मंडल (सेवावीर सामाजिक कल्याण समिति) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह अपने-अपने घर के बाहर आतिशबाजी के साथ हुई। इसके बाद मोहल्ले में स्थित मंदिर में सभी लोगों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। नेहरू स्टेडियम में सामूहिक 51000 हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। भक्तों को प्रसाद के साथ रुद्राक्ष का वितरण किया गया। पंडित अनिरुद्ध मुरारी ने गणेश वंदना गाकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वज्र विश्व रिकार्ड व लंदन विश्व रिकार्ड की टीम के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के पश्चात सेवावीर सामाजिक कल्याण समिति को सर्टिफिकेट दिया। संचालन विनीता ओझा ने किया।
रायल कैंपस सालाखेड़ी के निकट स्थित हनुमान मंदिर पर हनुमान लला का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के रहवासियों, विद्यार्थियों व प्राध्यापकों द्वारा हनुमानजी को चोला चढ़ाकर शृंगार किया गया। तत्पश्चात अभिषेक, पूजन, हनुमान चालीसा का पाठ, महाआरती के साथ भंडारे का आयोजन किया गया।