
आम्बा/हतनारा (रतलाम)। समीपस्थ ग्राम शेरपुर में एक युवक की हत्या कर शव घर के बाहर फेंकने के बाद ग्राम में सनसनी फैल गई। मृतक युवक का नाम शेरपुर निवासी 26 वर्षीय धारासिंह पुत्र जुझारसिंह है। युवक की हत्या रंजिश में होना बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
शनिवार सुबह युवक का शव घर के बाहर मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके चलते पोस्टमार्टम के पश्चात स्वजन सहित ग्रामीणों द्वारा पिपलौदा-सैलाना मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो बजे शुरू हुआ चक्काजाम करीब छह बजे अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ। एहतियात बतौर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
पिपलौदा थाने पर रिपोर्ट
मृतक धारासिंह के चाचा फरियादी हिम्मतसिंह पुत्र भोपालसिह चौहान ने पिपलौदा थाने पर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मेरा भतीजा धारासिंह मानसिक रूप से कमजोर था। उसने दो दिन पूर्व गांव के भोपालसिह की कार के कांच पत्थर फेंककर तोड़ दिए थे। इस बात को लेकर भोपालसिह ने शुक्रवार सुबह गांव में माताजी मंदिर चौराहे पर रोककर बोला कि, तुम्हारे भतीजे ने मेरी गाड़ी का कांच तोड़ दिया है। मैं उसके हाथ-पैर तोड़ दूंगा।
रात करीब 11:30 बजे आरोपित भोपालसिंह पुत्र मनोहरसिह राठौर, राहुलसिंह पुत्र भोपालसिह राठौर, युवराजसिंह पुत्र भोपालसिह राठौर, कमलसिंह पुत्र मनोहरसिंह राठौर व कमलसिंह का लड़का कान्हा उर्फ दुर्गानारायण सिंह स्कार्पियो गाडी लेकर आए और धारासिंह को घर से उठाकर गाड़ी में डालकर ले गए।
गुड़रखेड़ा मार्ग टंकी चौराहे पर ले जाकर आरोपितों ने धारासिंह को लाठियों से पीटा और कुछ देर बाद घर के बाहर फेंककर चले गए। बड़े भाई ने सूचना दी तो मौके पर जाकर धारासिंह को देखा तो उसके पूरे शरीर पर चोट के निशान थे और वो हिल भी नहीं रहा था। उसकी सांस भी नहीं चल रही थी। पुलिस ने आरोपित भोपालसिंह, युवराजसिंह, राहुलसिंह, कमलसिंह, कान्हा उर्फ दुर्गानारायण सभी निवासी शेरपुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपित राहुलसिंह व भोपालसिंह को गिरफ्तार कर लिया।