Ratlam Railway Division: रतलाम रेलमंडल के 12 हजार से अधिक कर्मचारियों को मिला बोनस
22 करोड़ 27 हजार रुपये की राशि जारी। मंडल रेल प्रबंधक ने दिया लेखा और स्थापना विभाग को पुरस्कार।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 08 Oct 2021 07:02:45 PM (IST)
Updated Date: Fri, 08 Oct 2021 07:02:45 PM (IST)

Ratlam Railway Division: रतलाम(नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय केबिनेट से मंगलवार को मंजूरी के बाद रेल मंत्रालय से आदेश जारी होते ही रतलाम रेल मंडल में बोनस वितरण की कार्रवाई तेजी से की गई। शुक्रवार को मंडल में 12525 कर्मचारियों को कुल 22 करोड़ 27 हजार 945 रुपये के बोनस का भुगतान कर दिया गया। वर्ष 2020-21 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के बोनस की कार्रवाई जारी रही और संभवत: शनिवार को बोनस जारी हो जाएगा। शीघ्रता से बोनस भुगतान पर डीआरएम ने लेखा विभाग और स्थापना विभाग को अवार्ड देने की घोषणा की।
रात भर चला काम, सुबह आए मैसेज
वरिष्ठ इंजीनियर आइटी रघुनाथ महतो व लेखा सहायक दीपक भारद्वाज ने बताया कि बोनस भुगतान की प्रकिया गुरुवार रात 9:30 बजे तक चली। शुक्रवार सुबह 6 बजे तक बोनस कर्मचारियों के खाते में जमा हो गया। एसबीआइ के क्लाउड सर्वर के माध्यम से बोनस राशि स्वतः ही बैंक खातों में जमा होती गई।
5-5 हजार का अवार्ड
बोनस भुगतान की प्रक्रिया तेजी से करने पर डीआरएम विनीत गुप्ता ने स्थापना व लेखा विभाग को 5-5 हजार रुपये के अवार्ड की घोषणा की है। प्रक्रिया समय पर पूरी करने में सीनियर डीपीओ हर्षद वाणिया, एपीओ जगदीश प्रसाद, मुख्य कार्य अधीक्षक सुनील भार्गव तथा लेखा विभाग के व मंडल वित प्रबंधक इंदर सिंह, एडीएफएम ब्रजराज शर्मा, सीनियर एसओ चिरंजीलाल मीणा, सीनियर एसओ राजेन्द्र जाजोरिया और कर्मचारीयों का अहम योगदान रहा।
बाजार में आएगी बहार
रेलमंडल में रतलाम सहित इंदौर, उज्जैन, देवास, मंदसौर, नीमच सहित अन्य जिलों में पदस्थ कर्मचारियों को बोनस मिला है। 22 करोड़ रुपये की राशि बाजार में आने से खरीदी में तेजी आएगी। मंगलवार को रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने भी दशहरे से पहले बोनस भुगतान करने की बात कही थी।