रतलाम (नईदुनिया प्रतिनिधि)। महापौर प्रहलाद पटेल की टीम (एमआइसी) को लेकर मशक्कत शुरू हो गई है। मंगलवार देर रात तक इस सूची में 13 नामों पर विचार किया गया। अभी मेयर इन काउंसिल में सात सदस्यों को शामिल किए जाने की संभावना है। इस बार की एमआइसी में नए चेहरे ज्यादा दिखेंगे। खास बात यह है कि जिनको इस टीम में जगह मिलना पक्का माना जा रहा था वे बाहर रह सकते हैं।
एमआइसी में पार्षद भगतसिंह भदौरिया, विशाल शर्मा या सपना गौरव त्रिपाठी, अक्षय संघवी या दिलीप गांधी, अनिता कटारा या अनिता वसावा, रामू डाबी, निशा पवन सोमानी, हितेश कामरेड को लिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही दो अन्य नामों पर अभी विचार चल रहा है। दिलीप गांधी को नेता पक्ष बनाए जाने
की भी संभावना है। एमआइसी में शहर विकास के लिए जरूरी मुद्दों पर काम करने की सोच दिखाने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग, स्वच्छता में से एक विभाग महापौर स्वयं के पास ही रख सकते हैं। जलकार्य, राजस्व की कमान भी तेजतर्रार और मेहनती युवा को दी जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन स्तर पर भी नामों को लेकर चर्चा होगी। 17 अगस्त को भोपाल में भाजपा की संगठन स्तर पर बड़ी बैठक है। संभावना है कि इस बैठक के बाद एमआइसी तय हो जाएगी। महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि एमआइसी को लेकर मंथन चल रहा है। नियमानुसार गठन हो जाएगा।
0000
झमाझम के बीच कैनवास पर उकेरे राष्ट्रनायकों के चित्र
- भारत माता की युवा वंदना, बाबा सत्यनारायण मौर्य ने दी संगीतमय प्रस्तुति
रतलाम (नईदुनिया प्रतिनिधि)। आजादी के अमृत महोत्सव में स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को घास बाजार चौराहे पर पर भारत माता की युवा वंदना का आयोजन किया गया। भाजपा के आयोजन में प्रख्यात गायक बाबा सत्यनारायण मौर्य ने संगीतमय प्रस्तुति दी। जमकर वर्षा के दौरान भी मौके पर जमा लोग कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
बाबा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए कई युवा क्रांतिकारियों ने जीवन का बलिदान दिया। वीर सावरकर ने कालापानी में कोल्हू में जुत कर तेल निकाला। गुलामी की मानसिकता से अब तक हमें छुटकारा नहीं मिला सका है। देश में भारतीय भाषाओं को उतना सम्मान नहीं मिल रहा जितना अंग्रेजी को दिया गया। बाबा ने देशभक्ति गीत गाते हुए भारत माता का चित्र बनाया। भगवान श्रीराम की स्तुति कर चित्र भी कैनवास पर उकेर दिया। आयोजन के दौरान युवाओं की टोलियों ने शहर के विभिन्ना इलाकों से रैलियां निकाली गईं। बच्चे और युवा स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धाओं की प्रतिमूर्ति बनकर शामिल हुए।
कार्यक्रम में शहर विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, गौरव मूणत, भाजपा मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, आदित्य डागा, कृष्णकुमार सोनी, मंडल प्रभारी विनोद यादव आदि मौजूद रहे।
0000