
जावरा (रतलाम)। जावरा में रतलामी नाका के पास स्थित सेंट पॉल कॉन्वेंट स्कूल में सोमवार को वार्षिकोत्सव में डांस प्रतियोगिता के दौरान घूमर गीत बजने पर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि करणी सेना के 20- 25 लोग स्कूल पहुंचे और विवाद कर तोड़फोड़ की।
एक बालक और पालक के साथ मारपीट भी की गई। इसमें बालक को चोट आई है। घटना से बच्चे और बालक भयभीत हो गए और खेतों में भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी दल के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक तोडफोड़ करने वाले भाग चुके थे।
जानकारी के अनुसार स्कूल में एलकेजी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों की डांस प्रतियोगिता चल रही थी। कुछ बच्चे अलग-अलग गानों पर डांस कर चुके थे। इसी बीच एक बच्चे ने डांस किया और उसके बाद अचानक घूमर गीत बजा। इस पर किसी ने करणी सेना के लोगों को सूचना दे दी। आरोप है कि करणी सेना के लोग वहां पहुंचे और विवाद कर तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।
स्कूल संचालक देवेंद्र मूूणत ने बताया कि करणी सेना के लोगों ने जमकर हंगामा किया और साउंड सिस्टम, फर्नीचर, ऑफिस की खिड़की का कांच, सूचना पटल आदि में तोड़फोड़ कर बच्चों व पालकों से मारपीट की। पुलिस के अनुसार एक बच्चे व पालक के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
कोई लेना-देना नहीं
करणी सेना के जिलाध्यक्ष जितेंद्रसिंह बरखेड़ी ने बताया कि सूचना मिलने पर समझाइश देने स्कूल गए थे। वहां असामाजिक तत्वों ने तोड़-फोड़ की है। विवाद और तोड़-फोड़ से करणी सेना का कोई लेना-देना नहीं है।