नामली। जिले बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है, वहीं आमजन संक्रमण को नजर अंदाज कर बेखौफ बिना मास्क लगाए नगर में घूम रहे हैं। जिला प्रशासन से मिले आदेशानुसार बिना मास्क लगाकर घूमने वाले लोगों पर शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन ने चालानी कार्रवाई की। एएसआइ ओमप्रकाश राठौर ने बताया कि नगर में बिना मास्क लगाकर बाइक चलाने वाले करीब दर्जनभर बाइक सवारों पर चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया है। साथ ही सभी को कोविड-19 नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई। एएसआइ ओमप्रकाश राठौर, प्रधान आरक्षक रमाकांतसिंह, जगदीशचंद दमामी, आरक्षक रचना कन्नाौज, रीना मकवाना मौजूद रहीं। नगर परिषद द्वारा नगर में बिना मास्क लगाकर घूमने वाले 10 लोगों पर चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला। नगर परिषद कर्मचारी राहुल नागौरे, गोलू सहरिया आदि मौजूद थे।
बुजुर्गों को लगाए टीके
ढोढर। समीपस्थ ग्राम कलालिया में गुरुवार को कोविड-19 का टीकाकरण प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर 60 वर्ष से अधिक सभी व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया गया। साथ ही टीके के अगले डोज के बारे में नागरिकों को विस्तार से जानकारी देकर समझाइश दी गई। स्वास्थ्य विभाग के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रियंका धाकड़, एएनएम सुनीता शर्मा, आशा कार्यकर्ता चंद्रप्रभा चौहान, कौशल्या पांचाल, तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उषा जैन, शालिनी गोस्वामी, सुनीता प्रजापत, शारदा मकवाना, मीरा मालवीय सहित स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारियों ने सेवाएं प्रदान की।
पुलिस की कार्यप्रणाली जानी
आलोट। स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की स्टूडेंट्स पुलिस कैडेट छात्राओं द्वारा पुलिस थाना का भ्रमण कर उपयोगी जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान थाना प्रभारी दीपक शैजवार व सब इंस्पेक्टर दिव्या पाराशर ने विद्यार्थियों को सुरक्षा व समाज में पुलिस की भूमिका के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। यह जानकारी प्राचार्य फिरोज खान ने दी।
पोरवाल महिला मंडल ने मनाया फाग उत्सव
आलोट। स्थानीय पोरवाल समाज महिला मंडल द्वारा समाज की रेलवे स्टेशन रोड स्थित धर्मशाला पर फाग उत्सव मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने आपस में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर व फूलों से होली खेली तथा फाग गीतों पर नृत्य किया गया। समाज के आराध्यदेव राजा टोडरमल की जयंती पर आयोजित उत्सव में मंडल अध्यक्ष अन्नापूर्णा काला, उपाध्यक्ष जूली कोठारी, सचिव खुशबू कामरिया, मनोरमा कोठारी, रीना सेठिया, सुनीता मांदलिया, ममता गुप्ता, राधिका मजावदिया, कविता, ममता, वंदना, दिव्या काला, संगीता कोठारी आदि महिलाएं उपस्थित थी। धर्मशाला को मंडल की ओर से एक तस्वीर श्रीनाथ जी की भेंट की गई।