
नईदुनिया न्यूज, सैलाना/रतलाम। सरवन मार्ग पर स्थित कल्याण केदारेश्वर घाट पर गुरुवार-शुक्रवार देर रात खाने के तेल से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि ट्रक में रखे करीब 1500 तेल के डिब्बे जलकर खाक हो गए। घटना रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक टैंकर रोड निवासी रशीद पुत्र कल्लुखा गुजरात के अहमदाबाद से खाने का तेल लोड कर रतलाम स्थित कृष्णा ट्रेडिंग के लिए आ रहा था। घाट क्षेत्र में पहुंचते ही ट्रक में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। चालक के अनुसार चिंगारी उठने के बाद आग तेजी से फैलते हुए डीजल टैंक तक पहुंच गई और देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही सैलाना एवं रतलाम से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग की तीव्रता को देखते हुए एहतियातन सरवन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः सुचारू कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस बल भी घटनास्थल पर तैनात रहा तथा स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। ट्रक में रखे तेल की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है।