रतलाम(नईदुनिया प्रतिनिधि)। राजस्व अधिकारियों के कार्य की समीक्षा गुरुवार को कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बैठक लेकर की। बैठक में खासतौर पर तहसीलदारों को परफार्मेंस सुधारने के लिए चेतावनी देते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अगली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान सबसे खराब परफार्मेंस वाले जिले के दो तहसीलदारों को निलंबित कर संबंधित एसडीएम को शोकाज नोटिस दिया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर एमएल आर्य, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार अधीक्षक भू-अभिलेख, नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
समीक्षा में राजस्व वसूली कम होने पर जावरा व रतलाम शहर तहसीलदार पर कलेक्टर द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया। अभिलेख शुद्धीकरण अभियान में ताल-आलोट में अच्छा कार्य होने पर कलेक्टर द्वारा सराहना की गई। भूमि स्वामी प्रकार में रतलाम तहसील पीछे है तो रिक्त भूमि स्वामी मद में पिपलौदा, सैलाना द्वारा अच्छा कार्य नही किया गया। मूल एवं बटन खसरा में रावटी, जावरा, सैलाना, पिपलौदा का कार्य असंतोषजनक है। सीमांकन तथा नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने अगली बैठक से पूर्व 300 दिवस से ज्यादा की राजस्व शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
खनिज पट्टों के सत्यापन में नाराजगी
नजूल निर्वतन की भी कलेक्टर ने समीक्षा की। खनिज पट्टों के भौतिक सत्यापन में लगभग सभी तहसीलदारों के द्वारा कार्य नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। लोक सेवा गारंटी की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सैलाना में शिकायतें क्यों बढ़ रही है अपर कलेक्टर को समीक्षा के निर्देश दिए।
आयरन अल्पता एनीमिया सप्ताह आज से
रतलाम। जिले में आयरन अल्पता एनीमिया सप्ताह 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक किया जाएगा। सीएमएचओ डा. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि जब शरीर में आयरन की कमी हो जाती है तो इसे एनीमिया कहते हैं। एनीमिया के लक्षण थकान लगना, सांस फूलना, हाथों और पैरों का सुन्ना पडना, दैनिक कार्यों में थकावट आंखों के नीचे और जीभ का पीलापन आदि है। इसका प्रमुख कारण आयरन युक्त भोजन का सेवन ना करना, पेट में कृमि होना, आयु के अनुसार शरीर की आवश्यकता बढ़ना, गर्भावस्था आदि है। जागरूकता सप्ताह के दौरान लाभार्थियों को आयरनयुक्त भोजन अपनाने की शपथ दिलाना, पोषण मटके से आहार विविधता पर परामर्श, ग्राम स्वासथ्य स्वच्छता पोषण दिवस पर हिमोग्लोबीन की जांच आदि गतिविधियों का आयोजन विभागीय मैदानी अमले द्वारा किया जाएगा।