
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। बांसवाड़ा हाईवे पर बरबड़ रोड से आगे गंगासागर कालोनी मोड़ पर सोमवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई व एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है। हादसा किसी वाहन की टक्कर से हुआ या बाइक फिसलने से, औद्योगिक क्षेत्र पुलिस इसकी जांच कर रही है।
स्वजनों की खोजबीन और पुलिस से किया संपर्क
करीब 25 वर्षीय घायल युवक के बेहोश होने से उसका नाम पता ज्ञात नहीं हो पा रहा था। उसके पास एक मोबाइल फोन मिला जो क्षतिग्रस्त हो गया है। मृतकों के पास से 24 वर्षीय विशाल पुत्र विजय सोनी निवासी बाजना बस स्टैंड व 30 वर्षीय दल्ला पुत्र सरवन निवासी ग्राम मोरगांव (हातोद) जिला धार के आधार कार्ड मिले। पुलिस ने आधार कार्ड के अनुसार उनके स्वजन की खोजबीन शुरू की और सरदारपुर पुलिस से संपर्क किया।

हादसे की जांच की जा रही है। कारणों की तलाश की जा रही है। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई है। एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
-डीएस सोलंकी, एसआई
पुलिस से मिली यह जानकारी
वहां की पुलिस ने खोजबीन कर बताया कि दल्ला व उसका परिवार पहले मोरगांव रहता था व काफी समय से रतलाम के बाजना बस स्टैंड के पास गोपाल गोशाला काॅलोनी में रह रहा है। वहीं रात करीब नौ बजे बेहोश युवक को कुछ होश आया तो उसने अपना नाम अनिल पुत्र रमेश निवासी बाजना बस स्टैंड बताया। पुलिस ने तीनों को स्वजन को सूचना दी। रात करीब सवा नौ बजे दल्ला के स्वजन मेडिकल काॅलेज पहुंचे और उसके शव की पहचान की।