
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में जाने पर अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए कहा कि मेरे खिलाफ ममता सरकार ने 38 फर्जी प्रकरण दर्ज कराए हैं। बोले- आज मैं सुरक्षित हूं तो बजरंग बली की कृपा से, वरना तो मेरे साथ ममता बनर्जी ने कोई कसर नहीं छोड़ी।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के बंगाल प्रभारी रहे विजयवर्गीय ने यह बात रतलाम दौरे पर पत्रकारों के उस प्रश्न के उत्तर में कही, जिसमें उनसे पूछा गया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए वह अब तक क्यों नहीं गए हैं? इस पर उन्होंने कहा कि मैं छह साल वहां रहा हूं। मेरे साथ ममता बनर्जी ने क्या नहीं किया, आज मैं सबके सामने सुरक्षित बैठा हूं तो यह बजरंगबली की कृपा है, नहीं तो मेरे फोटो पर भी माला लग गई होती।
ममता ने मेरे खिलाफ वहां 38 फर्जी केस दर्ज कराए। मेरी गिरफ्तारी के कई वारंट निकले हुए हैं, ऐसे में, यदि मैं वहां गया तो मुझे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ऐसे में, किसी नए विवाद से बचने के लिए पार्टी ने भी मुझे बंगाल चुनाव में जाने से मना किया है। कहा है कि वहां न जाएं।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर... रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस निरस्त, यात्रा से पहले चेक करें स्टेटस
बंगाल के अपने अनुभवों और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर पूछे गए प्रश्न पर विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि ममता के पास कई माफिया और स्मगलर हैं, जो उन्हें सत्ता में लाने के प्रयास करते हैं।