
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। रीवा से भोपाल चलने वाली रेवांचल एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे युवक को दोस्ती का झांसा देकर कोल्डड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर बेहोश करने वाले शातिर बदमाश को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है।
मैहर जिले का ताला निवासी पियूष तिवारी रेवांचल एक्सप्रेस से रानी कमलापति स्टेशन भोपाल जा रहा था। इसी दौरान रीवा रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। दोनों ने साथ में जनरल टिकट खरीदी थी।
पियूष ने बीना और आरोपी ने सतना तक का टिकट लिया था।बातचीत के दौरान आरोपी ने युवक से दोस्ती बढ़ाई और सफर में साथ बैठ गया। सफर के दौरान आरोपी ने रेलवे स्टेशन से कोल्डड्रिंक खरीदी। पहले खुद पीकर उसने युवक का भरोसा जीता और बाद में उसी में नींद की गोलियां मिला दीं।
बदमाश ने पूछताछ में बताया कि गोलियां वह बनारस से खरीदकर लाया था। कोल्डड्रिंक पीते ही युवक को गहरी नींद आ गई।युवक के अचेत होते ही बदमाश ने उसकी जेब से 10 हजार रुपए, मोबाइल और अंंगुली में पहनी सोने की अंगूठी निकाल ली।
वह सतना रेलवे स्टेशन पर उतर गया और बस से बनारस भाग निकला। होश आने पर पीड़ित ने रानी कमलापति जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला रीवा भेजा गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी रीवा व जीआरपी सतना चौकी की टीम बनाई गई।
जांच के दौरान सतना व रीवा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नजर आया।पुलिस ने सीसीटीएनएस के जरिए उसकी पहचान शत्रुघ्न साहनी उर्फ जितेंद्र पिता दयाशंकर पाण्डेय 44 वर्ष निवासी पसीयही थाना बचाव जिला मिर्जापुर के रूप में की।
पुलिस आरोपी की तलाश में मिर्जापुर जेल तक पहुंची, जहां उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और फोटो मिले। इसके बाद पुलिस ने उसके घर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी के 6 हजार रुपए बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की सोने की अंगूठी जुएं में हार गया है। पकड़े जाने के डर से मोबाइल गंगा में फेंक दिया। आरोपी के खिलाफ बनारस, मिर्जापुर, नैनी और कानपुर में भी कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के जेठी हास्पिटल में गोलमाल, बेटी का जन्म, डिस्चार्ज हुई तो थमाया बेटा, हंगामे के बाद मिली दूसरे अस्पताल में