
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रायपुर कर्चुलियान के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच और टोलकर्मियों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और अभद्रता के आरोप सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ दिन पुराना है, लेकिन अब सामने आने के बाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अध्यक्ष संजय नगाइच अपने वाहन से टोल प्लाजा से गुजर रहे थे। इसी दौरान टोल को लेकर किसी बात पर टोलकर्मियों से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बहस में बदल गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में अध्यक्ष और टोलकर्मी एक-दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं।
टोलकर्मियों का आरोप है कि अध्यक्ष ने टोल देने के बाद भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकाया। वहीं अध्यक्ष पक्ष का कहना है कि टोलकर्मियों ने पहले उनके ड्राइवर से अभद्रता की, जिसके बाद उन्हें बीच-बचाव के लिए उतरना पड़ा। दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं, जिससे सच क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगा।
इस मामले को लेकर पन्ना कोतवाली में आवेदन दिया गया है। आवेदन में पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने कहा कि पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली है और वायरल वीडियो भी संज्ञान में आया है। रायपुर कर्चुलियान टोल प्लाजा पर हुए विवाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
एएसपी ने बतया कि पन्ना कोतवाली में इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। हम टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की बारीकी से जांच कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है, चाहे वह कोई भी हो। टोल प्लाजा पर आए दिन होने वाले विवादों को लेकर भी टोल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। विपक्ष ने इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि समर्थकों का कहना है कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि टोल प्लाजा पर वीआईपी विवाद और आम लोगों से अभद्रता की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। टोलकर्मियों के व्यवहार को लेकर भी पहले कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं।फिलहाल पुलिस ने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।