
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। चोरी के आरोप में नाबालिग को पिलर से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना शहर के विजय फिलिंग पेट्रोल पंप की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्चा पैर पकड़कर छोड़ने की गुहार लगाता दिख रहा है, लेकिन कर्मचारी उसकी पिटाई करते रहे।
पेट्रोल पंप मनीष अग्रवाल का है। घटना रविवार सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि नाबालिग पंप के पीछे बने घर में चोरी की नीयत से घुसा था, तभी कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया।
वायरल वीडियो में नाबालिग को पंप परिसर में पिलर से बंधा हुआ देखा जा रहा है। उसके आसपास कई लोग खड़े हैं। बच्चा लोगों के पैर पकड़कर छोड़ने की गुहार लगा रहा है, लेकिन लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी। मारपीट के दौरान बच्चे से उसके घर का नंबर पूछा गया, नंबर बंद आने पर यह कहते हुए फिर पीटा गया कि वह गलत और पुराना नंबर बता रहा है। मारपीट करने वाले पंप पर काम करने वाले कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ को रेलवे की बड़ी सौगात, ₹4,254 करोड़ से बिछेगी 288 किमी नई रेल लाइन, बढ़ेगा पर्यटन और रोजगार
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल पुलिस को इस घटना की जानकारी नहीं है और किसी भी पक्ष से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को चोरी या अन्य अपराध की जानकारी मिलती है तो कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए। किसी को भी कानून हाथ में लेकर मारपीट करने का अधिकार नहीं है।