
सीधी। जिले के मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर मड़वास के धनौर गांव में उल्टी -दस्त व बुखार की बीमारी से पिछले एक सप्ताह के भीतर छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में बच्चों की संख्या अधिक है।
गांव में पिछले पंद्रह दिन से उल्टी-दस्त,मलेरिया समेत अन्य संक्रामण बीमारियां फैली हुई हैं। गांव में मरीजों का इलाज धनौर पदस्थ एएनएम,एमपीडब्लू सहित डॉक्टर टीम कर रही है। मरीजों का समुचित इलाज नहीं होने से दिनों-दिन संख्या बढ़ती जा रही है। बताया गया है कि अब तक इस गांव में दो दर्जन से अधिक लोग उल्टी -दस्त के अलावा मलेरिया बुखार से पीड़ित है।
गौरतलब हो कि उल्टी दस्त से कलावती बैगा (40),तेरसी (5), खुशी (2), शिवम् (1), संदीप बैगा 2 माह और शुफीखान पुत्री लाला खान (13) सभी निवासी धनौर की उल्टी दस्त से मौत हो गई है। बताया गया है कि कलावती बैगा की मौत बुखार से हुई है। वहीं तेरसी, खुशी, शिवम् की उल्टी दस्त व बुखार से मौत हुई है।
इनका कहना
धनौर निवासी शुफीखान की उल्टी दस्त से मौत हुई है। इसके अलावा किसी की उल्टी-दस्त व मलेरिया बुखार से मौत नहीं हुई है। धनौर गांव में जाकर देखा जा रहा है।
बीके पटेल नायब तहसीलदार मड़वास
इनका कहना
मड़वास के धनौर गांव में उल्टी दस्त व मलेरिया बीमारी होने की खबर मिली है। इसके पहले भी खबर मिली थी। जिस पर उपचार का इंतजाम किया गया था। स्वास्थ्य अमला को भेजा जाएगा।
केके शुक्ला, सीएमएचओ सीधी।