
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। रामपुर नैकिन पुलिस ने आर्मी में पदस्थ हवलदार का करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरा ट्रॉली बैग सुरक्षित वापस दिलाकर एक मिसाल कायम की है।
बैग सड़क पर गिर गया था और ई-रिक्शा चालक को मिला था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से बैग बरामद किया।
13 अक्टूबर को अमरकांत द्विवेदी निवासी खैरा, चौकी खड्डी अपनी पत्नी और परिवार के साथ कार से श्रीनगर से घर आ रहे थे। ग्राम शिकारगंज में कार उछलने से डिक्की खुल गई और लाल रंग का ट्रॉली बैग सड़क पर गिर गया। बैग में सोने-चांदी के जेवरात और कपड़े थे।
सूचना पर चौकी प्रभारी एएसआई नीरज कुमार की टीम ने शिकारगंज बैरियर के सीसीटीवी फुटेज देखे। फुटेज में एक ई-रिक्शा घटना स्थल से गुजरता दिखा। मुखबिर से पता चला कि ई-रिक्शा ग्राम मोरा की ओर गया है।
टीम ने ड्राइवर संदीप यादव निवासी शिवपुरवा, जिला रीवा से संपर्क किया। ड्राइवर ने बैग मिलने की बात स्वीकार की और पूरा बैग पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने बैग की जांच कर जेवरात सहित फरियादी को सौंप दिया। फरियादी ने सीधी पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार जताया।
इस कार्रवाई में एएसआई नीरज कुमार, आरक्षक 81 रविन्द्र सिंह, चालक सोनू साकेत और पूर्व सरपंच दीपक सिंह की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने टीम की सराहना की।