
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सिंगरौली विकास प्राधिकरण (एसडीए) के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर घमासान मचा हुआ है। सिंगरौली के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल की एसडीए अध्यक्ष की नियुक्ति के कथित आदेश को मौजूदा एसडीए अध्यक्ष दिलीप शाह ने पूरी तरह फर्जी बताया और पद से इस्तीफा देने से मना कर दिया है। शाह रविवार को भोपाल पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात का प्रयास किया, लेकिन दोनों ही नेताओं के बाहर होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी।
शाह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगे। वहीं दिलीप शाह ने फर्जी आदेश के पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शाह ने कहा कि सत्ता व संगठन ने उन्हें सिंगरौली विकास का अवसर दिया। सरकार ने अब तक उन्हें पद से हटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। सरकार या संगठन से जो भी आदेश मिलेगा वह उसका पालन करेंगे।
इधर, वीरेंद्र गोयल इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि वीरेंद्र गोयल ही सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष होंगे। बता दें कि दो साल पहले नई सरकार के गठन के साथ ही प्रदेश के कई निगम-मंडलों और प्राधिकरणों को भंग कर दिया गया था। लेकिन उस सूची में सिंगरौली विकास प्राधिकरण का नाम शामिल नहीं था। जिस वजह से दिलीप शाह अध्यक्ष पद पर बने रहे और उन्हें सभी प्रशासनिक सुविधाएं मिलती रहीं। अब भी अध्यक्ष पद पर आसीन हैं।
यह भी पढ़ें- गेहूं खरीदी में एमपी बना नंबर वन, 10 लाख किसानों से उपज खरीदकर पंजाब को पछाड़ा, 11,610 करोड़ का हुआ भुगतान
एसडीए अध्यक्ष की नियुक्ति का कथित आदेश की सूचना मिलने ही वीरेंद्र गोयल ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने तमाम बड़े नेताओं से मेल मुलाकात कर बधाई ली। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उनकी तस्वीरें भी प्रसारित हुई हैं। गोयल ने मीडिया से चर्चा में दावा किया कि उन्हें मुख्यमंत्री स्तर से भी शुभकामनाएं मिली हैं। वह 14 मई को पदभार ग्रहण करने वाले थे।