मैहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर से चांदी के पांच मुकुट चोरी, गेट का कुंदा तोड़कर मंदिर में घुसे चोर, तालाब के पास टूटी मिली दान पेटी
चोर मंदिर के चैनल गेट का कुंदा तोड़कर अंदर घुसे और हनुमान जी के पांच छोटे-बड़े चांदी के मुकुट, चांदी की एक आंख और दान पेटी चोरी कर ले गए।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 04:22:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 04:31:28 PM (IST)
पांच चांदी के मुकुट चोरी कर ले गए चोर, नईदुनियाHighLights
- मैहर के पंचमुखी मंदिर में चोरी का मामला
- पांच चांदी के मुकुट चोरी कर ले गए चोर
- सुबह टूटी मिली दान पेटी, जांच शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। नादन थाना क्षेत्र के बरहिया गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के चैनल गेट का कुंदा तोड़कर अंदर घुसे और हनुमान जी के पांच छोटे-बड़े चांदी के मुकुट, चांदी की एक आंख और दान पेटी चोरी कर ले गए।
रविवार सुबह दान पेटी तालाब के पास टूटी हुई मिली। पुजारी की शिकायत पर नादन पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, बरहिया निवासी पुनेशानंद महाराज (45), पिता चंडिका प्रसाद तिवारी, पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे रामायण पाठ संपन्न होने के बाद मंदिर में ताला लगाकर पास स्थित अपनी कुटिया में सोने चले गए थे।
सुबह मंदिर पहुंचे तो टूटा मिला कुंदा
25 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे धीरज विश्वकर्मा के बेटे ने पुजारी को सूचना दी कि मंदिर की दान पेटी तालाब के पास पड़ी है। पुजारी मंदिर पहुंचे तो चैनल गेट का कुंदा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो हनुमान जी के पांच चांदी के मुकुट और चांदी की एक आंख गायब थी। मंदिर से दान पेटी भी गायब मिली।
इसके बाद पुजारी तालाब के पास पहुंचे, जहां दान पेटी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी दान राशि गायब थी। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी देने के बाद नादन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चोरी गए चांदी के मुकुट, आंख और दान पेटी से गायब रकम की कुल कीमत का आकलन अभी नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है।