
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। रीवा-सीधी जिले की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार एक दोपहर बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चार वाहनों में सवार होकर आए बदमाशों ने ओडिशा पुलिस के दल पर गोलीबारी कर मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी को छुड़ा लिया।
आरोपी को लेकर मैहर की ओर भाग गए। घटना के बाद से ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर डटे हुए हैं। आरोपी और बदमाशों की तलाश के लिए सीधी जिले में आठ दल तो वहीं रीवा जिले में भी आठ दल गठित किए गए हैं।
ओडिशा पुलिस मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पकड़े गए आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। दल में कुल आठ जवान शामिल थे और उनके पास अत्याधुनिक हथियार थे।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे जैसे ही दल रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए चार वाहनों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को आगे-पीछे से घेर लिया। बदमाशों ने पहले पुलिस वाहन पर तीन बार गोलियां चलाईं और लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
हमले में वाहन का कांच टूट गया। एक गोली पहिए में लगी जिससे पहिया फट गया। इसी दौरान बदमाश पुलिस के कब्जे से आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर मैहर की ओर भाग गए। अच्छी बात रही कि गोलीबारी में कोई जवान घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही आसपास के थानों के बल को रवाना किया गया था। ओडिशा पुलिस के अनुसार बदमाशों ने तीन बार गोलीबारी कर जबरन छुड़ाया है।
वारदात के बाद सीधी पुलिस ने पूरे जिले में घेराबंदी कर दी है। छुहिया घाटी और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी ली जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए सीधी जिले में आठ विशेष दल गठित किए गए हैं, जबकि रीवा जिले में भी आठ दल जांच में जुटे हुए हैं। इस प्रकार दोनों जिलों के 16 दल बदमाशों की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस ने छुहिया घाटी के आसपास लगे निगरानी कैमरों के दृश्य खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही तकनीकी शाखा की मदद से वाहनों के मार्ग का पता लगाया जा रहा है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि जल्द ही आरोपी और उसे छुड़ाकर ले जाने वाले बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिजली बिल में फिर बढ़ेगा भार, 24 सितंबर से 23 अक्टूबर तक जबलपुर में लागू रहेगी यह नई दर