
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा जिले में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक की उपचार के दौरान मौत हो गई। आरक्षक की पहचान पीयूष मिश्रा के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ थे। जानकारी के अनुसार आरक्षक पीयूष मिश्रा ने दो दिन पूर्व अपने घर में जहर खा लिया था। परिजनों को इसकी जानकारी मिलते ही उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जहर सेवन का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस परिजनों और साथी पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरक्षक कुछ समय से मानसिक तनाव में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।