
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा में परिवार का पेट पालने के लिए सब्जी का ठेला लगाने वाले एक व्यापारी पर जब महंगाई की मार पड़ी तो उसने मौत को ही गले लगा लिया। घर के समीप ही स्थित एक खेत में जाकर ठेला व्यापारी ने एसिड का घूंट पिया और वहीं अचेत होकर गिर गया। उसके हाथ में उस वक्त भी खाली थैला ही दिखाई दे रहा था।
परिजनों ने बताया कि निपानिया निवासी मृतक राम कुशल दहिया ठेला में सब्जी का व्यापार करता था और उसी से उसका परिवार चलता था। बताया गया कि मृतक निरंतर 5 दिन से सौदा लेने के लिए मंडी का चक्कर लगा रहा था, लेकिन महंगाई के कारण वह रोज ही खाली हाथ वापस आ जाता था।
मृतक के पुत्र ने बताया कि उसके पिता इसी बात को लेकर चिंता में थे, परिवार में आर्थिक संकट आने लगा, लेकिन महंगाई कम नहीं हुई और व्यापारी राम कुशल काफी परेशान रहने लगा था। पुत्र के मुताबिक बीते दिवस तकरीबन 2 बजे जब मृतक राम कुशल दहिया मंडी से वापस आया तो वह घर न जाकर पास के ही एक खेत में चला गया।
यह भी पढ़ें- MP में फिर लौटे जंगली भैंसे, 2000 किमी का सफर तय कर पहुंचे वनभैंसे, सीएम मोहन यादव करेंगे पुनर्स्थापना
इस बार वह अपने साथ सब्जी के जगह शायद एसिड लेकर आया था और उसी को पीकर उसने अपनी जान दे दी। बता दें कि मृतक के परिवार में तीन बच्चे एवं पत्नी हैं जिनका अब रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस पंचनामा कार्यवाही कर शव का पीएम कराया है और मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।